
खरगोन, 6 जून (Udaipur Kiran) । खेल और युवा कल्याण विभाग मप्र शासन की योजना के अंतर्गत माँ तुझे प्रणाम शहडोल संभाग के डिण्डौरी, अनुपपुर, उमरिया, शहडोल जिले के चयनित युवा दल ने माड़व और ओंकारेश्वर भ्रमण कर महेश्वर में रात्रि विश्राम के बाद शुक्रवार को सुबह ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से समृद्ध नगरी महेश्वर का भ्रमण किया। इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं में सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना था।
इस दल में संभाग के विभिन्न जिलों से चयनित 15 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवक शामिल थे। भ्रमण के दौरान युवाओं ने नर्मदा तट पर स्थित महेश्वर किले, रानी अहिल्याबाई होल्कर स्मारक, प्राचीन मंदिरों का अवलोकन किया। युवाओं ने स्थानीय इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक विकास कार्यों की जानकारी ली।
जिला खेल अधिकारी पवी दुबे ने बताया कि इस प्रकार की यात्राओं से युवा अपने राज्य की सांस्कृतिक विविधता को नजदीक से समझ पाते हैं, जिससे उनमें आत्मगौरव और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास होता है। खेल अधिकारी ने युवाओं से मुलाकात कर सम्पूर्ण व्यवस्थाओं की स्थिति अवलोकन किया एवं दल के साथ भ्रमण कर उन का उत्साहवर्धन किया। उनके साथ विभागीय ब्लॉक समन्वयक जितेन्द्र हिरवे, भानुप्रताप दंसौधी, पकंज बर्डे, अनिता हिरवे उपस्थित रही।
(Udaipur Kiran) तोमर
