

उज्जैन, 6 जून (Udaipur Kiran) । ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष की एकादशीके पावन अवसर पर बाबा महाकाल के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। भस्म आरती में शामिल होने से लेकर पूजन अर्चन तक का सिलसिला लगातार जारी है। मंदिर प्रशासन द्वारा दर्शन व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। एकादशी पर शुक्रवार काे उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सुबह से ही वीआईपी श्रद्धालुओं की आवाजाही रही। कर्नाटक सरकार के कैबिनेट मंत्री एस.एस. मलिकार्जुन अपने परिवार के साथ उज्जैन प्रवास के दौरान बाबा महाकाल के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। इसके अलावा पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक उषा ठाकुर ने भी शुक्रवार सुबह भगवान महाकाल के दर्शन किए।
कर्नाटक सरकार के कैबिनेट मंत्री एस.एस. मलिकार्जुन ने शुक्रवार सुबह परिवार के साथ भस्म आरती में भाग लिया और करीब दो घंटे तक बाबा की भक्ति में लीन नजर आए। महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक प्रतीक द्विवेदी ने मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान प्रशांत त्रिपाठी और आशीष दुबे भी मौजूद रहे।
पूर्व मंत्री उषा ठाकुर ने की नंदी बाबा की पूजा
पूर्व कैबिनेट मंत्री उषा ठाकुर ने उज्जैन प्रवास के दौरान बाबा महाकाल के दर्शन किए। उन्होंने बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने नंदी बाबा की पूजा कर उनके कानों में अपनी मनोकामना भी कही।
महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के सदस्य आशीष दुबे ने उषा ठाकुर का स्वागत व सम्मान किया। इस दौरान मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं भी मौजूद रहे। वहीं दर्शन के पूर्व मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि प्रभु श्री महाकाल के चरणों का दर्शन आज प्राप्त हुआ है। बाबा महाकाल के दर्शन इसी तरह होते रहें, यही हमारे जीवन का सौभाग्य है। यहां आकर बहुत अच्छा लगा। मंदिर की व्यवस्थाएं अत्यंत सराहनीय हैं।”
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे
