Haryana

मुंदड़ी के गुरू ब्रह्मानंद आश्रम पहुंचे विधानसभा स्पीकर

कैथल, 5 जून (Udaipur Kiran) । हरियाणा विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि गुरू ब्रह्मानंद ने हमेशा लोक भलाई के लिए कार्य किए और मानवता को सच्चा रास्ता दिखाया। उन्होंने हमेशा सही मार्ग पर चलने, पर्यावरण संरक्षण, बुराइयों से दूर रहने एवं नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया है। उन्होंने अपना जीवन मानवता की भलाई के लिए समर्पित किया। हम सभी को उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए समाज व राष्ट्र हित में निरंतर अपना योगदान देना चाहिए।

विधानसभा अध्यक्ष कल्याण गुरुवार को मुंदड़ी स्थित जगद गुरू श्री ब्रह्मानंद आश्रम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल

हुए। कार्यक्रम में पहुंचने पर विधायक सतपाल जांबा व समाज के लोगों ने मुख्य अतिथि कल्याण का स्वागत किया। उन्होंने आश्रम में गुरू ब्रह्मानंद की प्रतिमा के समक्ष पूजा अर्चना की तथा हवन यज्ञ में आहुति डाली। इस मौके पर उन्होंने महंत कृष्णानंद महाराज से आशीर्वाद लिया। उन्होंने बताया कि हर वर्ष ज्येष्ठ माह में यहां पर हवन व भंडारे का आयोजन किया जाता है।

इस मौके पर स्पीकर ने कहा कि हमें गुरू ब्रहानंद के विचारों से जुड़ना चाहिए, ताकि हम जीवन में अच्छा करें, अपने परिवार की जिम्मेदारियों को निभाएं और साथ ही साथ समाज के प्रति भी अपना योगदान दें। यही हमारे समाज की खूबसूरती है कि हम एक दूसरे के साथ मिलकर रहते हैं। हमारी ऐसी सोच होनी चाहिए हम संगठित होकर अपने समाज को आगे बढ़ाएं और सब मिलजुल कर तरक्की करें।

उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आश्रम परिसर में पौधा रोपण किया और पौधों को अपने बच्चे की तरह पालने का

आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक, कचरा पर्यावरण को प्रदूषित कर रहा है और हमारे वन्य जीवों को नुकसान पहुंचा रहा है। हमारे छोटे-छोट प्रयास जैसे कि कचरे का सही ढंग से वर्गीकरण तथा वस्तुओं का पुन: उपयोग एक बड़ा बदलाव ला सकता है। आईए प्लास्टिक प्रदूषण के निराकरण की ओर एक ओर सशक्त कदम बढ़ाएं। पर्यावरण संरक्षण में आपका सहयोग सारथी बनेगा।

पूंडरी विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि संत महात्मा किसी एक जाति या धर्म के नहीं होते, बल्कि वे सर्व समाज के होते हैं। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। गुरू ब्रहानंद ने हमेशा समाज को आगे बढ़ाने का काम किया। विश्व पर्यावरण दिवस को लेकर विधायक सतपाल जांबा ने भी पौधा रोपण कर पर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर पूंडरी विधायक सतपाल जांबा, पूर्व विधायक तेजवीर सिंह, सतीश नंबरदार, सरपंच शशि, सरपंच प्रतिनिधि महेंद्र सिंह, मास्टर नसीब सिंह, रणधीर सिंह, अशोक, पालाराम, सतीश कुमार, हुकम सिंह, रमेश व समाज के अन्य लोग मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / मनोज वर्मा

Most Popular

To Top