Jammu & Kashmir

भाजपा नेता के बयान को बताया आपत्तिजनक, कांग्रेस ने किया जोरदार प्रदर्शन, पुतला फूंका

भाजपा नेता के बयान को बताया आपत्तिजनक, कांग्रेस ने किया जोरदार प्रदर्शन, पुतला फूंका

जम्मू, 4 जून (Udaipur Kiran) । कांग्रेस पार्टी और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को भाजपा विधायक विक्रम रंधावा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी पर की गई टिप्पणी को आपत्तिजनक बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन जम्मू उत्तर विधानसभा क्षेत्र के मिश्रीवाला में आयोजित हुआ जहां कार्यकर्ताओं ने रंधावा का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया। विरोध में जम्मू ग्रामीण जिला इंचार्ज अध्यक्ष हरी सिंह चिब, योगेश साहनी (जिला समन्वयक), मान सिंह राठौर (युवा कांग्रेस प्रभारी, जम्मू-कश्मीर) सहित कई वरिष्ठ नेता और युवा कार्यकर्ता शामिल हुए।

हरी सिंह चिब ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा भाजपा नेता की भाषा न सिर्फ महिलाओं के प्रति उनकी मानसिकता को दर्शाती है, बल्कि हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है। सोनिया और प्रियंका ने दशकों की सेवा से जनमानस का सम्मान अर्जित किया है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर जैसे संवेदनशील सुरक्षा विषय को राजनीतिक लाभ के लिए भुनाने का भाजपा की कोशिश करार दिया और कहा कि यह राजनीतिक दिवालियापन और नैतिक पतन को दर्शाता है।

योगेश साहनी ने विक्रम रंधावा से बिना शर्त माफी की मांग करते हुए भाजपा से तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की अपील की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विमर्श की मर्यादा बनी रहनी चाहिए और महिलाओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मान सिंह राठौर ने जनता से आह्वान किया कि वे विभाजनकारी राजनीति से ऊपर उठकर लोकतांत्रिक मूल्यों और महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट हों। प्रदर्शन में शामिल अन्य प्रमुख कार्यकर्ताओं में बलवान सिंह, डॉ. प्रदीप, पुरूषोत्तम सिंह, राजिंदर सिंह, जनगे, सनी जट्ट, थोरू राम, सोम नाथ शर्मा, अमित कुमार, ओम प्रकाश, धीरेज भगत, पियूष भगत, हरप्रीत सिंह, कमल सिंह, मदन सिंह चिब, प्रकाश सिंह, तरुण वैद और गुशु लोचन आदि शामिल रहे।

(Udaipur Kiran) / राहुल शर्मा

Most Popular

To Top