Jharkhand

स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शोभा चक्रवर्ती का निधन, चिकित्सा जगत में शोक की लहर

डॉक्टर शोभा चक्रवर्ती की तस्वीर

रांची, 04 जून (Udaipur Kiran) । राजधानी रांची की जानी-मानी स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर शोभा चक्रवर्ती का बुधवार को निधन हो गया। उन्होंने 85 वर्ष की उम्र में अंतिम सांसें ली। बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ समय से बीमार थीं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। हाल ही में पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी उनका हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे। डॉ. चक्रवर्ती के निधन से चिकित्सा जगत में शोक की लहर है।

प्रदेश की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने डॉ. शोभा चक्रवर्ती जी के निधन पर दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि रांची की वरिष्ठ और प्रतिष्ठित स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में उन्होंने निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा की और अनगिनत जीवन को छुआ। उनका समर्पण, संवेदनशीलता और चिकित्सकीय उत्कृष्टता सदैव स्मरणीय रहेगी।

उल्लेखनीय है कि डॉ. शोभा चक्रवर्ती ने अपना पूरा जीवन महिलाओं की स्वास्थ्य सेवा को समर्पित कर दिया था। रांची में वे एक विश्वसनीय नाम थीं। करीब सात साल पहले उन्हें हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार के बाद वे फिर से अपने चेंबर में नियमित रूप से मरीजों को देखने लगी थीं। डॉ. शोभा चक्रवर्ती झारखंड की नंबर वन स्त्री रोग विशेषज्ञ थीं। वह रिम्स के गाइनोलॉजिस्ट विभाग की एचओडी भी रही थीं।

—————

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

Most Popular

To Top