
रांची,03 जून (Udaipur Kiran) । रांची के लापुंग थाना क्षेत्र में जमीन विवाद के मामले को लेकर चल रही ग्राम सभा में लापुंग थाना के पुलिसकर्मियों पर हमला करने का मामला मंगलवार को प्रकाश में आया है। इस हमले में लापुंग थाना प्रभारी सहित दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। अब दो ग्रामीणों को भी गोली लगने की खबर है। थाना प्रभारी के सिर में चोट लगी है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल ग्रामीणों को भी रांची के एक अस्पातल में भर्ती करवाया गया है।
दरअसल, लापुंग थाना क्षेत्र में जमीन विवाद के मामले को लेकर चल रही ग्राम सभा में लापुंग थाना के पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया। इस हमले में लापुंग थाना प्रभारी समेत दो पुलिसवाले घायल हुए हैं। लापुंग थाना प्रभारी के सिर में चोट लगी है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची लाया गया है।
इस बीच पुलिस और ग्रामीण के बीच हुई झड़प में दो ग्रामीणों को भी गोली लगने की खबर है। ग्रामीणों के अनुसार पुलिसकर्मियों की ओर से की गयी फायरिंग में जतरु मुंडा और बिरसा देवी घायल हो गये हैं। दोनों को इलाज के लिए पहले भरनो अस्पताल ले जाया गया था, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची रेफर कर दिया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) मनोज कौशिक ने बताया कि फायरिंग में घायल लोगों के बयान लेकर कानून के तहत कार्रवाई की जायेगी। जबकि डीआईजी सह रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि आत्मरक्षा में पुलिस ने हवाई फायरिंग की है। एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। यह जरुरी नहीं है कि गोली पुलिस की ओर से ही चलायी गयी है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
इससे पहले बेड़ो पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) अशोक राम ने बताया था कि लापुंग में जमीन विवाद को लेकर चल रहे ग्राम सभा में कुछ असामाजिक तत्वों के मौजूद रहने की सूचना पर लापुंग थाना प्रभारी संतोष यादव ग्राम सभा में पहुचे थे। इसी दौरान पुलिस की टीम पर हमला किया गया। इस हमले में थाना प्रभारी को सिर में चोट लगी है। जबकि एक अन्य जवान घायल हुआ है। घायल थाना प्रभारी का लापुंग में ही प्राथमिक उपचार करवाने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची भेज दिया गया है।
उन्होंने यह भी बताया था कि मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है । ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रवीण पुष्कर सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद है। पुलिस को आशंका है कि ग्रामीणों को कुछ बाहर से आए लोग भड़का रहे हैं।
डीआईजी सह रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने मंगलवार को दिन में घायल थाना प्रभारी से अस्पताल में मुलाकात की थी और स्वास्थ्य का जानकारी ली थी। एसएसपी ने डॉक्टर से बातचीत कर घायल थाना प्रभारी और जवान का बेहतर इलाज करने का अनुरोध किया था। मौके पर कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि इसी सप्ताह रांची के बेड़ो थाने पर भी हमला किया गया था। इस मामले की जांच में बाहरी लोगों का ही हाथ सामने आया था। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से लोग बेड़ो पहुंचे थे। उन्होंने ग्रामीणों को उकसा कर थाना में हमला कराने की घटना को अंजाम दिलवाया था। आशंका जताई जा रही है कि बेड़ो की घटना में शामिल लोग ही लापुंग में भी थे। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे
