
नई दिल्ली, 3 जून (Udaipur Kiran) । चार राज्यों में फैले अरावली जैव विविधता के संरक्षण के लिए केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय अरावली ग्रीनवॉल अभियान की शुरुआत करने जा रहा है। 5 जून को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस अभियान की शुरुआत करेंगे। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत महावीर जयंती पार्क में पौधारोपण के साथ इस अभियान को विस्तार भी देंगे।
अरावली ग्रीन वॉल अभियान के तहत मृदा नमी संरक्षण, जैव विविधता, पर्यावरण परिवर्तन, वेटलैंड संरक्षण, प्रोटेक्टेड एरिया आदि पर कार्य किया जाएगा। इसमें वन एवं गैरवान क्षेत्र को चिन्हित कर उसी अनुरूप कार्य योजना तैयार की गई है। इस योजना के तहत जनभागीदारी के साथ क्षमता निर्माण, स्थानीय प्रजातियों के पौधा रोपण, चारागाह और जलाश्यों के संरक्षण पर जोर दिया जाएगा।
केन्द्रीय पर्यावरण मंत्रालय के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि अरावली एक पर्वत श्रृंखला ही नहीं बल्कि हमारी संस्कृति एवं शौर्यपूर्ण इतिहास का प्रवाह है जो हमारे लिए सदियों से प्रेरणा का स्रोत रही है। आगामी पीढ़ियां के लिए इसके भू दृश्य के पुनरुद्धार एवं जैव विविधता को संरक्षित करने के मकसद से यह अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान से चार राज्य जुड़ेंगे जिसमें राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और गुजरात शामिल हैं। इस अरावली की पहाड़ियों में देश के 22 वन्य अभ्यारण्य स्थित हैं। इसमें कई पक्षी विहार भी हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / विजयालक्ष्मी
