गुवाहाटी, 1 जून (Udaipur Kiran) । असम में लगातार हो रही बारिश के चलते बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। रविवार सुबह तक प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार राज्य के 13 जिले बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। इन जिलों में धेमाजी, दक्षिण सालमारा, लखीमपुर, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, दरंग, नगांव, कार्बी आंगलोंग, कामरूप, बिस्वनाथ, तिनसुकिया तथा कार्बी आंगलोंग वेस्ट शामिल हैं।
बाढ़ प्रभावित गांवों की संख्या 175 तक पहुंच चुकी है, जिससे कुल 58,091 लोग प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा 791.32 हेक्टेयर फसल क्षेत्र को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
राज्य प्रशासन ने 16 राहत शिविर खोले हैं, जिनमें 1224 लोग शरण लिए हुए हैं, जबकि 5619 लोग राहत वितरण केंद्रों से सहायता मिल रही हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार बाढ़ के कारण असम में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। पशुधन पर भी बाढ़ का गहरा असर पड़ा है। कुल 75,918 जानवर प्रभावित हुए हैं, जिनमें 21,541 बड़े जानवर, 9,616 छोटे जानवर और 44,761 पोल्ट्री शामिल हैं।
घरों को भी नुकसान हुआ है। कुल क्षतिग्रस्त घरों की संख्या 17 बताई गई है, जिनमें पूरी तरह क्षतिग्रस्त कच्चे मकान 15 तथा दो पूरी तरह क्षतिग्रस्त पक्के मकान शामिल हैं। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और राहत कार्य लगातार जारी हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश
