
गुना, 31 मई (Udaipur Kiran) । लोकमाता अहिल्याबाई की 300वी जयंती उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की श्रंखला में शनिवार को एक भव्य शोभायात्रा निकाली। शनिवार को जयंती अवसर पर निकाली गई इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में भाजपाजनों ने भाग लिया। इस शोभायात्रा के माध्यम से भाजपा ने जहां लोकमाता के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की, वहीं आमजन से लोकमाता के जीवन से प्रेरणा लेने का आग्रह भी किया।
शहर के विभिन्न मार्गों से से निकली शोभायात्रा का लोगों ने जगह-जगह स्वप्रेरित होकर उत्साह से स्वागत किया। इस दौरान रथ में चित्र के रुप में विराजित अहिल्याबाई पर पुष्प वर्षा भी की गई। इस दौरान भाजपा के ध्वज भी लहराए जाते रहे तो डीजे पर अहिल्याबाई की शौर्य गाथा से जुड़े गीत भी बजते रहे। शहर के शास्त्री पार्क से शुरु हुई शोभायात्रा का समापन हनुमान चौराहे पर हुआ। समापन अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार ने अपने उद्बोधन में अहिल्याबाई की जयंती अवसर पर भाजपा द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होने कहा कि भाजपा सरकार में लोकमाता अहिल्याबाई की नीतिया साकार रुप ले रहीं है।
अपने कार्यों की बदौलत अहिल्याबाई से बनीं लोकमाता
अपने उद्बोधन में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार ने कहा कि लोकमाता का पूरा जीवन संघर्षमय रहा है। एक बालिका अहिल्याबाई कैसे अपने कार्यों की बदौलत लोकमाता बनी? इस जीवन दर्शन को जानना अद्भुत है। उन्होने कहा कि भाजपा सरकार लगातार अहिल्याबाई की नीतियो ं को अमल में लाकर जनकल्याण करने में लगी हुई है। उन्होने कहा अहिल्याबाई ने सनातन को स्थापित करने का काम किया है। जिस समय सनातन को विंध्वस करने के प्रयास हो रहे थे। मंदिरों को हमले कर नष्ट किया जा रहा है। भारतीय संस्कृति और सभ्यता को मिटाने की कोशिश हो रही है। तब अहिल्याबाई ने आगे आकर न सिर्फ मंदिरों को बचाया, बल्कि उन्हे पुर्नस्थापित करने का काम भी किया। सोमनाथ, रामेश्वर, काशी विश्वनाथ इसके अनुकरणीय उदाहरण है। यहीं काम आज भाजपा सरकार कर रही है। सनातन को स्थापित किया जा रहा है।
भाजपा ने त्रिशताब्दी जयंती वर्ष में किए कई कार्यक्रम
भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार ने बताया कि लोकमाता अहिल्या बाई की 300 वी जयंती को भाजपा ने त्रिशताब्दी जयंती वर्ष के रुप में मनाया है। इस मौके पर पूरे देश के साथ गुना में भी लगातार कार्यक्रम आयोजित किए गए। 11 दिन तक आयोजित कार्यक्रमों की श्रंखला में गोष्ठी, प्रदर्शन, रंगोली एवं नाटक सहित कई कार्यक्रम हुआ। जिनके माध्यम से अहिल्याबाई के जीवन चरित्र को लोगों को समक्ष रखते हुए उनसे प्रेरणा लेने का आग्रह किया गया। कार्यक्रम के अंतिम दिवस शनिवार को यह शोभायात्रा निकाली गई।
शास्त्री पार्क से शुरु हुई शोभायात्रा
शोभायात्रा का शुभारंभ शास्त्री पार्क से हुआ। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, गुना विधायक पन्नालाल शाक्य सहित वरिष्ठ भाजपा जनों ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद यहां से शोभायात्रा शुरु हुई। जो लक्ष्मीगंज, सुगन चौराहे, सदर बाजार, नीचला बाजार, हाट रोड होते हुए हनुमान चौराहे पहुँची। इस दौरान रास्ते भर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। शोभायात्रा में सबसे आगे महिलाएं अहिल्याबाई जयंती से जुड़ा बैनर थामे चल रहीं थीं। इसके पीछे भाजपाजन हाथ में भाजपा का ध्वज लहराते हुए शोभायात्रा में शामिल थे। तत्पश्चात अहिल्याबाई एक चित्र के रुप रथ में विराजित थीं।
—————
(Udaipur Kiran) / अभिषेक शर्मा
