
नई दिल्ली, 31 मई (Udaipur Kiran) । आम आदमी पार्टी (आआपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शनिवार को ‘महिला समृद्धि योजना’ को लेकर के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार के खिलाफ जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने महिलाओं को 2500 रूपये देने का वादा पूरा नही किया। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे आआपा के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के 100 दिन पूरे होने पर जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आज एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी दौरान आआपा के नेताओं ने स्टेडियम के बाहर प्रदर्शन किया।
आआपा के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने चुनाव प्रचार के दौरान वादा किया था कि सरकार बनते ही दिल्ली की महिलाओं के खाते में 2500 रुपये देंगे। सरकार अपने वादे को पूरा करने में नाकामयाब हो गई है। दिल्ली सरकार ने जनता को धोखा दिया है।
आआपा का कहना है कि दिल्ली की जनता सरकार से सवाल कर रही है कि अपने वादों को सरकार कब पूरा करेगी?
—————
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी
