

सूरजपुर, 31 मई (Udaipur Kiran) । जिले के ऑडिटोरियम में आज शनिवार को अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर आयोजित भव्य समारोह में राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए अहिल्याबाई होल्कर के जीवन और कर्तृत्व को नारी शक्ति की प्रेरणा बताया।
राजवाड़े ने कहा कि, अहिल्याबाई होल्कर ने कभी भी हिम्मत नहीं हारी और हमेशा अपनी प्रजा की भलाई के लिए समर्पित रहीं। उन्होंने जल संकट से निपटने के लिए तालाब खुदवाए, निर्धनों की सहायता की और शासन को सेवा का माध्यम बनाया। उन्होंने शत्रुओं का डटकर सामना किया और अपने शासन में न्याय, धर्म और जनसेवा को सर्वोपरि रखा।
मंत्री ने यह भी कहा कि अहिल्याबाई ने स्त्रियों को समाज में निर्णय लेने का अधिकार दिया और विधवाओं एवं वंचित वर्ग की महिलाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित किया। उन्होंने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि स्त्री केवल सहनशीलता की प्रतीक नहीं, बल्कि नेतृत्व, चेतना और परिवर्तन की वाहक भी है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी अहिल्याबाई की प्रेरणा से समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं।
इसके अतिरिक्त राजवाड़े ने भटगांव स्थित सांस्कृतिक भवन में आयोजित त्रिशताब्दी समारोह में भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई ने यह भलीभांति समझा था कि समाज की प्रगति महिलाओं की भागीदारी और शिक्षा के बिना संभव नहीं है।
कार्यक्रम में वन विकास मंडल अध्यक्ष राम सेवक पैकरा ने अहिल्याबाई के जीवन को त्याग, सेवा और न्याय की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई का शासन शक्ति का नहीं, सेवा का प्रतीक था। वे महलों में नहीं, जनता के बीच जाकर निर्णय लेती थीं। उन्होंने विधवाओं को सम्मान दिलाया और भारतीय संस्कृति की आत्मा को जाग्रत किया।
कार्यक्रम में कर्तव्य ही पूजा है, सेवा ही धर्म के मूलमंत्र को दोहराते हुए वक्ताओं ने नए भारत के निर्माण हेतु अहिल्याबाई के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें जय दुर्गा स्वसहायता समूह को डोर टू डोर कचरा संग्रहण और स्वच्छ भारत मिशन में योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अपने योगदान के लिए माधुरी भंडारी को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिले के गणमान्य नागरिकगण, जिला पंचायत अध्यक्ष चन्द्रमणि पैंकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखा राजवाड़े, जिला पंचायत सदस्य नयन सिदार, कुसुम सिंह, भीमसेन व अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। समारोह का समापन एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि और संकल्प के साथ किया गया कि अहिल्याबाई होल्कर की सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / विष्णु पांडेय
