
नाहन, 31 मई (Udaipur Kiran) । सिरमौर जिला के कालाअंब क्षेत्र के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया जब यहां 100 करोड़ की लागत से बने 100 बिस्तरों की क्षमता वाले अत्याधुनिक ईएसआई अस्पताल का लोकार्पण हुआ। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया ने इस अस्पताल का विधिवत उद्घाटन किया। फिलहाल यह अस्पताल 30 बिस्तरों के साथ शुरू किया गया है जिसे भविष्य में 100 बिस्तरों तक विस्तारित किया जाएगा।
इस अस्पताल के शुरू होने से कालाअंब, पांवटा साहिब और आसपास के करीब एक लाख लोगों को अब ईएसआई की स्वास्थ्य सुविधाएं अपने ही जिले में उपलब्ध होंगी। अब तक श्रमिक वर्ग और उनके परिवारों को उपचार के लिए बद्दी, बरोटीवाला या चंडीगढ़ जाना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगी।
लोकार्पण समारोह के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप और पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी सहित कई गणमान्य लोगों ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर तिरंगा यात्रा का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्देश्य है कि हर व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलें और यह अस्पताल उसी कड़ी का हिस्सा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से अनुरोध किया कि जन सुविधाओं के मामलों में राजनीति से ऊपर उठकर कार्य किया जाए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. बिंदल ने इसे सिरमौर के लिए गौरव का क्षण बताया और कहा कि इससे श्रमिकों के साथ आम नागरिक भी लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल गरीबों, श्रमिकों, कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए एक नई आशा की किरण बनकर आया है। अब कालाअंब, पांवटा साहिब और सिरमौर जिला के लगभग एक लाख लोगों को ईएसआई की स्वासथ्य सेवाएं अपने ही जिले में मिलेंगी। वर्षों से जिन मजदूरों और कर्मचारियों को इलाज के लिए बद्दी, बरोटीवाला या चंडीगढ़ जाना पड़ता था, अब उन्हें यह सुविधा कालाअंब में ही उपलब्ध होंगी। सांसद सुरेश कश्यप ने इसे गरीबों और श्रमिकों के लिए एक नई आशा की किरण बताया। इस अवसर पर अस्पताल निर्माण में योगदान देने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
—————
(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर
