HEADLINES

इतिहास के पन्नों में 31 मईः आइए लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर को करें नमन

लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा।

इतिहास में जब भी भारत की वीरांगनाओं का जिक्र होगा तो उनमें सबसे पहले नाम लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का होगा। 1767 से 1795 तक मालवा पर शासन करने वालीं लोकमाता का जन्म 31 मई, 1725 को अहमद नगर में हुआ था। भाजपा सरकार उनके सम्मान में जन्म स्थान का नाम बदलकर अहिल्या बाई नगर कर चुकी है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कल यानी 31 मई को अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती को पूरी भव्यता के साथ समारोहपूर्वक मनाने की घोषणा हुई है। इस पर होने वाले लोकमाता देवी अहिल्या बाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मौजूद रहेंगे। वो विकास परियोजनाओं को शुरू करने से पहले खासतौर पर एक स्मारक डाक टिकट और विशेष 300 रुपये का सिक्का जारी करेंगे। इसमें अहिल्या बाई का चित्र अंकित होगा। प्रधानमंत्री एक महिला कलाकार को राष्ट्रीय देवी अहिल्या बाई पुरस्कार प्रदान करेंगे। इस महिला ने जनजातीय, लोक और पारंपरिक कला में योगदान दिया है।

बड़ी बात यह है कि महाराष्ट्र के अहमदनगर के छौंड़ी गांव में अहिल्या बाई होलकर ने 17वीं शताब्दी में किसी राजघराने में जन्म नहीं लिया, फिर भी एक दिन उनके हाथ में मालवा साम्राज्य की सत्ता आई। अहिल्याबाई होलकर भारत के मालवा साम्राज्य की मराठा होलकर महारानी बनी थीं। उनके पिता मंकोजी राव शिंदे अपने गांव के पाटिल थे। उस दौर में महिलाओं स्कूल नहीं भेजा जाता था, लेकिन अहिल्याबाई के पिता ने उन्हें लिखने-पढ़ने लायक पढ़ाया। यह वो दौर था जब औरंगजेब की मृत्यु के बाद मुगल साम्राज्य पतन की ओर था और मराठा अपने साम्राज्य का विस्तार करने में जुटे हुए थे। मराठा सेनापतियों में से एक मल्हार राव होलकर थे। पेशवा बाजीराव ने मल्हार राव होलकर को मालवा की जागीर सौंपी, जिन्होंने अपने बाहुबल से इंदौर राज्य बसाया।

कहा जाता है कि मल्हार ऐसी गुणी बहू चाहते थे जो राजपाट चलाने में उनके बेटे की मदद कर सके। एक शाम मल्हार चांऊड़ी गांव से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने आरती के वक्त एक बच्ची का भजन गाते सुना। वे बच्ची से मिलने पहुंच गए, जहां वे अहिल्या के गुणों और संस्कारों से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने अपने इकलौते बेटे खंडेराव की शादी अहिल्या से कर दी। अहिल्या बाई के पति खांडेराव होलकर 1754 के कुम्भेर युद्ध में शहीद हो गए। 12 साल बाद उनके ससुर मल्हार राव होलकर की भी मृत्यु हो गई। इसके एक साल बाद उन्हें मालवा साम्राज्य की महारानी का ताज पहनाया गया। वह हमेशा से ही अपने साम्राज्य को मुगल आक्रमणकारियों से बचाने की कोशिश करती रहीं, बल्कि युद्ध के दौरान वह खुद अपनी सेना में शामिल होकर युद्ध करती थीं। उन्होंने तुकोजीराव होलकर को अपनी सेना के सेनापति के रूप में नियुक्त किया था।

अहिल्याबाई ने अपने शासनकाल में बहुत सी धर्मशालाएं भी बनवाईं। ये सभी धर्मशालाएं उन्होंने मुख्य तीर्थस्थान जैसे गुजरात के द्वारका, काशी विश्वनाथ, वाराणसी के गंगा घाट, उज्जैन, नाशिक, विष्णुपद मंदिर और बैजनाथ के आसपास ही बनवाईं। मुगल आक्रमणकारियों के उजाड़े गए मंदिरों को देखकर सोमनाथ में शिवजी का मंदिर बनवाया। महारानी अहिल्याबाई ने अपने साम्राज्य महेश्वर और इंदौर में कई मंदिरों का निर्माण कराया। जन सामान्य के लिए घाट बंधवाए। कुओं और बावड़ियों का निर्माण कराया। भूखों के लिए अन्नसत्र (अन्यक्षेत्र) खोले। प्यासों के लिए प्याऊ लगवाए। 13 अगस्त 1795 को 70 वर्ष की आयु में अहिल्या बाई की मृत्यु हो गई।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1774ः भारत में पहला डाक सेवा कार्यालय खोला गया।

1867ः बंबई (अब मुंबई) में प्रार्थना समाज की स्थापना।

1921ः भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के झंडे को अंगीकार किया गया।

1959ः बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा को तिब्बत से निर्वासन के बाद भारत में शरण दी गई।

1964ः बंबई (अब मुंबई) में इलेक्ट्रिक ट्राम अंतिम बार चली।

1994ः दक्षिण अफ्रीका गुट निरपेक्ष आन्दोलन का 109वां सदस्य राष्ट्र बना।

1996ः बेंजामिन नेतान्याहू इजराइल के प्रधानमंत्री चुने बने।

1999ः कृष्ण प्रसाद भट्टराई ने नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली।

2001ः मानवाधिकार आयुक्त राबिन्सन का कार्यकाल बढ़ा।

2006ः अमेरिकी वायुसेना के पूर्व जनरल मिशेल हैडेन को अमेरिकी खुफिया एजेंसी (सीआईए) का निदेशक नियुक्त किया गया।

2007ः सैप ब्लेटर तीसरी बार अंतरराष्ट्रीय फुटबाल संघ के अध्यक्ष बने।

2008ः औपचारिक दस्तावेज के अभाव में पाकिस्तान के पूर्वमंत्री अंसार बर्नी नई दिल्ली हवाई अड्डे से पाकिस्तान वापस।

2010ः भारत में मान्यता प्राप्त हर प्राइवेट स्कूल में गरीब बच्चों के लिए 25 फीसद सीट आरक्षित करने का कानून बनाया गया।

जन्म

1725ः भारत की वीरांगना और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर।

1899ः हिन्द समाचार समूह के संस्थापक लाला जगत नारायण।

1925ः मशहूर फिल्म निर्देशक राज खोसला।

1941ः भारत के प्रमुख अंग्रेजी भाषा के पत्रकार विनोद मेहता।

निधन

1988ः स्वतंत्रता सेनानी, पत्रकार, और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री द्वारका प्रसाद मिश्रा।

1999ः मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरेंद्र कुमार सखलेचा।

2003ः प्रसिद्ध संगीतकार अनिल बिस्वास।

2009ः अंग्रेजी और मलयालम की प्रसिद्ध लेखिका कमला दास।

महत्वपूर्ण दिवस

-अहिल्याबाई होल्कर की जयंती।

-विश्व धूम्रपान निषेध दिवस।

—————

(Udaipur Kiran) / मुकुंद

Most Popular

To Top