Maharashtra

मुंबई में 1385 खोदी गई सड़कों की कंक्रीटिंग पूरी

मुंबई, 29 मई (Udaipur Kiran) । देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए उनका सीमेंट कंक्रीटिंग का काम किया जा रहा है। मानसून पूर्व योजना के अनुसार कुल 1385 खोदी गई सड़कों की कंक्रीटिंग पूरी हो चुकी है। 2 जून 2025 तक कंक्रीट क्योरिंग पूरी की जाएगी। इसके बाद सड़कों पर लगी सभी बैरिकेडिंग हटा दी जाएगी और सड़कें यातायात के लिए खोल दी जाएंगी। यह जानकारी अतिरिक्त मनपा आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर ने दी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इसका पालन किया जाना चाहिए।

अतिरिक्त मनपा आयुक्त बांगर ने गुरुवार को मनपा मुख्यालय में सीसी रोड कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। इससे पहले उन्होंने बुधवार की रात महानगर के कई स्थानों का दौरा कर निरीक्षण किया। इनमें चेंबूर में संत कक्कया मार्ग, साकी विहार रोड, घाटकोपर (पश्चिम) में सिकोवा औद्योगिक मार्ग, भांडुप (पश्चिम) में सुभाष नगर मार्ग, विक्रोली (पश्चिम) में सूर्य नगर मार्ग, मुलुंड (पश्चिम) में मैराथन गैलेक्सी मार्ग और बाबा पदम सिंह मार्ग क्रमांक 5 आदि शामिल हैं। सीसी रोड परियोजना के पहले और दूसरे चरण में कुल 1385 सड़कों का कार्य किया गया है। इन सभी सड़कों पर पेवमेंट क्वालिटी कंक्रीट (पीक्यूसी) का काम पूरा हो चुका है। इनमें से 30 सड़कों को मैस्टिक डामर के साथ आंशिक रूप से पूरा किया जा रहा है। अधिकांश सड़कें ‘एंड टू एंड’ और कुछ सड़कें ‘जंक्शन टू जंक्शन’ पूरी हो चुकी हैं। शेष कार्य मानसून के बाद शुरू किए जाएंगे।

बांगर ने कहा कि इस मौसम के दौरान किए जाने वाले नियोजित सीसी रोड कार्य लगभग पूरे होने वाले हैं। कंक्रीट डालने का काम 20 मई 2025 तक पूरा करने का निर्णय लिया गया था। हालांकि मानसून पूर्व बारिश के कारण यह समय सीमा 23 मई 2025 तक बढ़ा दी गई थी। ‘पीक्यूसी’ कार्यों के पूरा होने के साथ ही अब सड़क निर्माण का अंतिम कार्य (फिनिशिंग वर्क) प्रगति पर है। सड़क निर्माण का अंतिम कार्य जैसे थर्मोप्लास्टिक, कैट आई, दिशा संकेत, यातायात सुरक्षा संकेत, जंक्शन ग्रिड आदि 5 जून तक पूरा कर लिए जाएंगे। यातायात में व्यवधान से बचने के लिए ये कार्य रात में करने के निर्देश दिए गए हैं।

सड़क निर्माण का मलबा और निर्माण सामग्री सड़कों के किनारे नहीं पड़ी रहनी चाहिए। इन्हें अविलंब हटाने के निर्देश देते हुए बांगर ने कहा कि मानसून जल्दी आ गया है। सड़कों पर पड़े मलबे और बची हुई निर्माण सामग्री के निपटान के लिए सड़कवार योजना बनाई जाए। इसके लिए एक ग्रुप बनाया जाए और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मानव बल की नियुक्ति की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि अगले दो-तीन दिनों में मलबा हटाने की प्रक्रिया पूरी हो जाए। सावधानीपूर्वक जांच की जानी चाहिए कि वर्षा जल चैनलों की सफाई हुई है या नहीं। कहीं भी कोई रुकावट न हो। सड़कों को जोड़ते समय जंक्शन भाग मैस्टिक डामर से समतल बनाया जाना चाहिए।

—————

(Udaipur Kiran) / वी कुमार

Most Popular

To Top