
– ऊपरी-निचले असम, बराक-ब्रह्मपुत्र घाटी और पहाड़-प्लेन तक 30 मई से 15 जून तक ज़िला कार्यकारिणी बैठकें
गुवाहाटी, 29 मई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी असम प्रदेश के अध्यक्ष व सांसद दिलीप सैकिया के नेतृत्व में पार्टी ने असम के विभिन्न क्षेत्रों- ऊपरी असम, निचले असम, बराक घाटी, ब्रह्मपुत्र घाटी, पहाड़ और समतल क्षेत्रों- में एक व्यापक सांगठनिक अभियान की शुरुआत कर दी है। यह पहल मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में ‘टीम असम’ की समग्र विकास यात्रा के समानांतर चलाई जा रही है।
भाजपा अपने एनडीए सहयोगियों के साथ मिलकर एक समावेशी और समृद्ध असम के निर्माण हेतु प्रतिबद्ध है। इसी दृष्टिकोण के साथ भाजपा असम प्रदेश के 65 लाख कार्यकर्ता जमीनी स्तर से संगठन को मजबूत बनाने के लिए सतत कार्य कर रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता सुभाष दत्ता ने आज एक बयान में बताया कि हाल ही में संपन्न ग्राम पंचायत और राभा हासोंग स्वायत्त परिषद चुनावों में मिली बड़ी जीत के बाद पार्टी ने बूथ स्तर की गतिविधियों की समीक्षा शुरू कर दी है।
असम के कुल 29 हजार बूथों में से 26 हजार से अधिक बूथों पर भाजपा ने संगठन को मजबूती से खड़ा किया है। संगठन को और अधिक सशक्त बनाने हेतु 39 सांगठनिक जिलों में बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तरों पर काम तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में 30 मई से 15 जून तक जिला कार्यकारिणी बैठकों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें 21 राज्य स्तरीय पदाधिकारी भाग लेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार:
प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया:शिवसागर, चराइदेव, दरंग, उत्तर कामरूप, उदालगुड़ी, डिमा हसाओ और तामुलपुर जिलों की बैठकों में शामिल होंगे। इनके अलावा उपाध्यक्ष तपन कुमार गोगोई: माजुली और जोरहाट, सचिव पल्लब लोचन दास: शोणितपुर और बिश्वनाथ, उपाध्यक्ष बिजुली कलिता मेधी: दक्षिण कामरूप और ग्वालपाड़ा, उपाध्यक्ष नव कुमार दलै: पूर्व कार्बी आंगलोंग, उपाध्यक्ष अशोक भट्टराई: मोरीगांव और नगांव, उपाध्यक्ष जयंत कुमार दास: बंगाईगांव, दक्षिण सलमारा और मानकाचर, उपाध्यक्ष रेखारानी दास बोरो: बजाली, पूर्व सांसद राजदीप रॉय: हैलाकांदी, महासचिव पुलक गोहाईं: लखीमपुर और धेमाजी, सचिव अजय रॉय: बिलासीपाड़ा, सचिव नंदिता गार्लोसा: काछार, सचिव टिनामोनी दैमारी: धुबड़ी, सचिव अपराजिता भुइयां: बरपेटा, सचिव कोनार्ड पुरकायस्थ: श्रीभूमि, राज्य प्रभारी हरीश द्विवेदी: धेमाजी, डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया, राष्ट्रीय सचिव एवं सांसद कामाख्या प्रसाद तासा: गोलाघाट, कलियाबर और होजाई तथा संगठन महामंत्री जीआर रविंद्र राजू: नलबाड़ी, बाक्सा, कोकराझार, चिरांग और पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिलों में जाएंगे।
ये सभी वरिष्ठ नेता अपने-अपने जिलों की बैठकों में कार्यकारिणी सदस्यों और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन कर संगठन को और अधिक सशक्त, गतिशील व समर्पित बनाएंगे।
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश
