WORLD

दक्षिण कोरिया में नौसेना का विमान पहाड़ से टकराया, चालक दल के सभी सदस्य मारे गए, अब तक चार शव बरामद

3782cd2798f2cf5d2ae1e7c85a95b05a_394391261.jpg

सियोल, 29 मई (Udaipur Kiran) । दक्षिण कोरिया में नौसेना का एक विमान प्रशिक्षण के दौरान पहाड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मंगलवार को हुए इस हादसे में चालक दल के सभी सदस्य मारे गए। सैन्य अधिकारियों ने गुरुवार को इस दुर्घटना का खुलासा किया। उन्होंने हताहत चालक दल के सदस्यों की संख्या कितनी है, यह साफ नहीं किया। मगर इसकी पुष्टि की कि अब तक चार सदस्यों के शव बरामद किए गए हैं।

रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ने दक्षिण कोरिया की समाचार एजेंसी योनहाप के हवाले से यह जानकारी जानकारी दी। खबर के अनुसार यह हादसा पोहांग में हुआ। दुर्घटनाग्रस्त विमान पी-3 ओरियन है। शवों को पहचान के लिए पोहांग के नौसेना अस्पताल ले जाया जाएगा। दक्षिण कोरिया में वर्तमान में आठ पी-3 ओरियन विमान परिचालन में हैं। पोहांग और जेजू में नौसेना इकाइयां इनका उपयोग करती हैं।

द कोरिया हेराल्ड अखबार के अनुसार नौसेना संचालन के उप प्रमुख की अध्यक्षता में एक विशेष कार्य बल का गठन किया है। पी-3 विमानों से जुड़े सभी अभ्यास और उड़ान अभियान को निलंबित कर दिया गया है। नौसेना ने कहा कि पी-3 गश्ती विमान दोपहर 1:43 बजे के बाद नौसैनिक अड्डे के पास एक क्षेत्र में पहाड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा सैन्य प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान हुआ।

दक्षिण कोरिया की राष्ट्रीय अग्निशमन एजेंसी ने कहा कि मंगलवार दोपहर करीब 1:50 बजे हादसे की सूचना मिली। दुर्घटना स्थल पर 40 अग्निशमन दल और दो हेलीकॉप्टर तैनात किए गए। बताया गया है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान का चालक दल टेकऑफ और लैंडिंग का अभ्यास कर रहा था। विमान पोहांग के पास एक एयरबेस से उड़ान भरने के लगभग सात मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

—————

(Udaipur Kiran) / मुकुंद

Most Popular

To Top