Delhi

कादी विहार में दंपती पर हमला, पति की मौत

नई दिल्ली, 28 मई (Udaipur Kiran) । बाहरी-उत्तरी दिल्ली के स्वरूप नगर स्थित कादी विहार इलाके में बुधवार शाम को एक दुखद घटना घटी। हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में घुसकर दंपती को गोली मार दी। हमले के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।

घायल दंपती को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां पति अशोक कुमार (42) को मृत घोषित कर दिया गया। पत्नी रचना (40) की हालत गंभीर बनी हुई है। उनके शरीर में कई गोलियां लगी हैं।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपित दिनेशचंद उर्फ गोलू और दंपती के बीच कुछ विवाद था। पुलिस उपायुक्त निधिन वालसन के अनुसार, दिनेश अपने तीन साथियों के साथ आया और वारदात को अंजाम दिया। दिनेश का दंपती के बेटे संदीप के साथ कुछ समय पहले विवाद हुआ था।

दिनेश ने संदीप के माता-पिता से कहासुनी के बाद उन पर फायरिंग की। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस संदीप से भी पूछताछ कर रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / अनूप शर्मा

Most Popular

To Top