नवादा, 28 मई (Udaipur Kiran) । विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत नवादा जिला के सभी 14 प्रखंडों के चयनित 136 गांवों में गुरुवार 29 मई से कृषक प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
कृषि विज्ञान केंद्र, ग्राम निर्माण मण्डल सर्वोदय आश्रम सोखोदेवरा के बैनर तले उक्त जागरूकता कार्यक्रम 15 जून तक चलेगा। इसकी जानकारी देते हुए कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ जयवंत कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़कर उन्हें आवश्यक तकनीकी ज्ञान प्रदान करना है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में नवादा जिला के सभी प्रखंडों को शामिल किया गया है। जिसके तहत किसानों को उन्नत बीज,जैविक खेती,जल संरक्षण,मृदा स्वास्थ्य कार्ड,प्राकृतिक खेती,कृषि यंत्रीकरण,एकीकृत कृषि प्रणाली,पशुपालन,मशरूम उत्पादन,मधुमक्खी पालन एवं सब्जी उत्पादन जैसी विविध कृषि तकनीक की जानकारी दी जाएगी। इस दौरान आत्मा के कार्यकर्ता,जनप्रतिनिधि,स्थानीय किसान मित्र,भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के वैज्ञानिक,बिहार कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक एवं विभागीय अधिकारी सक्रिय रूप से सहभागिता करेंगे।
भारत सरकार द्वारा संचालित इस विशेष अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि को लाभकारी,आत्मनिर्भर और टिकाऊ बनाना है। कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक ने बताया कि यह अभियान किसानों के बीच तकनीकी जागरूकता बढ़ाने नवाचार को खेत तक पहुंचाने तथा किसानों को प्रशिक्षण देकर स्थानीय स्तर पर कृषि विकास को नई दिशा देने की एक सशक्त पहल है।
इस अवसर पर महिला किसानों की भी विशेष भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है,ताकि ग्रामीण महिलाओं को कृषि आधारित आजीविका के नए अवसर प्राप्त हो और उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सके। कार्यक्रम में डॉ ज्योति कुमार,डॉ अनिर्बन मुखर्जी,डॉ बिस्वजीत देवनाथ,डॉ डीके सिंह एवं कृषि विज्ञान केंद्र के सभी वैज्ञानिक शामिल होंगे। जिनके नेतृत्व में टीम गठित कर गांव-गांव जाकर किसानों को प्रशिक्षित करने का काम किया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / संजय कुमार सुमन
