नैनीताल, 28 मई (Udaipur Kiran) । केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नैनीताल स्थित शत्रु संपत्ति-मेट्रोपोल होटल परिसर को उत्तराखंड सरकार को अस्थायी रूप से पार्किंग के रूप में उपयोग के लिए आगामी आदेश तक आवंटित कर दिया है। यह निर्णय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों के फलस्वरूप संभव हो पाया है।
उल्लेखनीय मुख्यमंत्री धामी ने नैनीताल में पार्किंग की गंभीर समस्या को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस शत्रु संपत्ति के खुले स्थान को पार्किंग के लिए अस्थायी रूप से आवंटित किए जाने का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री के अनुरोध को स्वीकार करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने बुधवार को पत्र के माध्यम से इस निर्णय की जानकारी दी है।
इस फैसले से नैनीताल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल में पर्यटकों व स्थानीय नागरिकों को पार्किंग की समस्या से बड़ी राहत मिलने की संभावना है। साथ ही नगर की यातायात व्यवस्था में भी उल्लेखनीय सुधार होगा। मुख्यमंत्री ने इस निर्णय के लिए केंद्रीय गृह मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इसे नैनीताल की यातायात एवं आधारभूत सुविधा व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी
