


भोपाल, 27 मई (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर ने एक नहीं अनेक आदर्श स्थापित किए हैं। वह बहू बनकर होल्कर परिवार में आईं और बेटी के रूप में पूजी गईं। अहिल्या बाई ने अपने शासनकाल में सुशासन, देशभर के मंदिरों का जीर्णोंद्धार, न्यायप्रिय व्यवस्था और महिलाओं के सशक्तिकरण के कार्यों से आदर्श स्थापित किया है। उन्होंने अपने शासनकाल में जाति व्यवस्था से ऊपर उठकर अपनी सेना में भील बटालियन बनाईं। देवी अहिल्याबाई ने विधवा विवाह की प्रथा शुरू कराई और बहनों की जिंदगी संवारने का कार्य किया। महेश्वर साड़ी का निर्माण शुरू कराकर महिलाओं के सशक्तिकरण की मिसाल पेश की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार शाम को भाजपा कार्यालय में हुई बैठक को संबोधित कर रहे थे। यह बैठक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती पर 31 मई को प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में राजधानी के जंबूरी मैदान पर आयोजित महिला सशक्तीकरण महासम्मेलन की व्यवस्थाओं को लेकर आयोजित की गई थी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। किसी महिला का सुहाग छीना जाए तो ब्रम्हांड सुरक्षित नहीं रहता। पहलगाम में हुए कायराना हमले में हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा गया, तो बदला लेना तो बनता था। प्रधानमंत्री मोदी ने बहनों का सिंदूर मिटाने का दुश्मन से ऐसा बदला लिया कि दुनिया ने भारत और भारत की सेना का शौर्य और पराक्रम देखा।
उन्होंने कहा कि 31 मई को देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी दो लाख से अधिक महिलाओं को संबोधित करेंगे। हम सब के लिए सौभाग्य का विषय है, क्योंकि देशभर में कार्यक्रम हो रहे हैं और प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश आना स्वीकार किया। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा सरकारें भी देवी अहिल्याबाई द्वारा स्थापित सुशासन, महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक विरासत को संजोने के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री ने देवी अहिल्याबाई की धर्म, न्यायप्रियता से संबंधित संस्मरण सुनाते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यों से मध्य प्रदेश की बेटी और बहू के रूप में अतुलनीय कार्य किया है।
31 मई को राजधानी में बनेगा नया इतिहासः विष्णुदत्त शर्मा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद प्रधानमंत्री मोदी 31 मई को लोकमाता अहिल्याबाई की जयंती पर होने वाले महिला सशक्तीकरण सम्मेलन में भाग लेने भोपाल आ रहे हैं। यह कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा, जिसमें करीब 2.5 लाख बहनें भाग लेंगी। इस सम्मेलन की समूची व्यवस्थाओं का नेतृत्व बहनें ही करेंगी और कार्यकर्ता बंधु उनके पीछे रहेंगे। सभी बहनों को अलग-अलग जिम्मेदारी दी जाएगी, उनका अलग-अलग काम होगा। प्रधानमंत्री मोदी सुबह 10.30 बजे सम्मेलन में पहुंच जाएंगे, इसलिए सभी बहनों को इस सम्मेलन के लिए व्यवस्थाएं सुबह से ही संभालनी होगी। प्रधानमंत्री के स्वागत, सम्मान सहित कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं नारी शक्ति ही संभालेगी। यह महिला सम्मेलन भी महिला सशक्तीकरण को ही समर्पित है। इसलिए सभी बहनें आज से ही इस सम्मेलन की तैयारी में जुट जाएं। निश्चित रूप से 31 मई को भोपाल में होने वाला यह सम्मेलन नया इतिहास बनाएगा।
वैदिक काल से बहनों ने हर जिम्मेदारी को निभाकर आदर्श स्थापित कियाः डॉ. महेन्द्र सिंह
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह कहा कि वैदिक काल से आज तक नारी शक्ति ने हर जिम्मेदारी को निभाकर आदर्श स्थापित किया है। 300 वर्ष पहले देवी अहिल्या बाई होल्कर ने अपने न्याय प्रिय शासन व्यवस्था, नारी सशक्तिकरण और सुशासन के साथ सांस्कृतिक विरासत संजोकर समाज में एक आदर्श स्थापित किया है। नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। भोपाल में होने वाले महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन की सभी व्यवस्थाएं आप सभी बहनें संभालेंगी। बहनों को जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाती है, उसको वह पूरी कर्मठता के साथ निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 26 जनवरी 2017 को परेड का नेतृत्व नारी शक्ति को सौंपा था। तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा जब भारत आए तो गॉड ऑफ ऑनर बहन ने दिया। ऑपरेशन सिंदूर में भी बहन कर्नल सोफिया कुरैशी और व्योमिका सिंह को जिम्मेदारी सौंपी। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सेना के शौर्य और पराक्रम को आज दुनिया देख रही है। मां लक्ष्मी, मां सरस्वती और मां दुर्गा की हम सभी पूजा करते हैं। माताओं की शक्ति से संसार चल रहा है। महिलाओं ने हर युग में राक्षसों का संहार किया है। दुनिया के सबसे प्रभावशाली और लोकप्रिय नेता हमारे प्रधानमंत्री जिस कार्यक्रम को संबोधित करेंगे, उस महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन की संपूर्ण जिम्मेदारी जब महिलाएं संभालेंगी तो एक बार फिर भारत की नारी शक्ति की प्रतिभा को दुनिया देखेगी।
बैठक को भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन मंत्री कृष्णा गौर ने किया और आभार महापौर मालती राय ने माना। कार्यक्रम में मंत्री विश्वास सारंग, सांसद आलोक शर्मा, सीमा सिंह जादौन, कांतदेव सिंह, विधायक भगवानदास सबनानी व रामेश्वर शर्मा, राहुल कोठारी, माया नारोलिया समेत हजारों की संख्या नारी शक्ति शामिल हुई।
(Udaipur Kiran) तोमर
