
जयपुर, 26 मई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस ने राष्ट्र भक्ति का ढ़ोंग करते हुए रैली का नाम तो जय हिंद रख दिया, लेकिन बातें देश को विभाजित करने वाली ही करते रहे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने अपनी 100 साल की यात्रा में राष्ट्र सेवा के नए आयाम स्थापित किए है। आज जिस प्रकार संघ के राष्ट्रीय विचार को समाज के सभी वर्गों द्वारा स्वीकारा और समर्थित किया जा रहा है, वहीं कांग्रेस के नकारात्मक तथा समाज को तोड़ने वाली नीतियों को जनता द्वारा दरकिनार किया जा रहा है। उसके कारण कांग्रेस संघ फोबिया से ग्रसित हो गई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत कहते है कि संघ परिवार का तिरंगे में विश्वास नहीं है, नागपुर मुख्यालय पर तिरंगा नहीं फहराया। यह उनके अल्पज्ञान का द्योतक है क्योंकि उस कालखंड में केवल सरकारी इमारतों पर ही तिरंगा फहराने की ही अनुमति थी, जबसे सर्वोच्च न्यायालय ने जिंदल मामले में इसे आम आदमी का अधिकार बताया, तब से संघ मुख्यालय पर भी ध्वजारोहण होता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के नेता पूछते है सीजफायर क्यों किया, इसके बारे में देश के विदेश मंत्री, देश की सेना के अधिकारी और स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश और दुनिया को बता चुके है कि पाकिस्तान द्वारा रखे गए सीजफायर के प्रस्ताव को भारतीय सेना ने अपनी शर्तों पर स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि देश पर जब संकट होता है तो कोई भी राष्ट्र भक्त ईमानदारी से अपने देश के साथ खड़ा होता है, पर तरस आता है कि देश को जब जरूरत है तब कांग्रेस अपने तुच्छ राजनीतिक लाभ के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रही है, यह उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की एकता के भाव को प्रकट करने के लिए सर्व दलीय संसदीय दल विदेशों में भेजकर भारत का पक्ष रख रहे है, उसमें कांग्रेस नेता शशि थरूर एक दल का नेतृत्व भी कर रहे है, वहीं गहलोत, पायलट और डोटासरा की ये त्रिमूर्ति सेना के शौर्य पर सवाल उठा रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस देश में अमेरिकी दखल के नाम का झूठ फैलाने का कुत्सित षडयंत्र कर रही है। कांग्रेस नेता अल्पज्ञानी है और झूठ के भरोसे अपनी राजनीतिक दुकान चलाना चाहते है। उन्होंने कहा कि समझौते की शर्तों के बारे में पूरे देश की जनता जानती है, प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान की धरती पर विशाल जनसभा में एवं इससे पूर्व देश के नाम संबोधन में स्पष्ट किया है कि पाकिस्तान से बात होगी तो पाक द्वारा कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में अवैध रूप से कब्जाये गए पाक अधिकृत कश्मीर पर होगी और भारत में होने वाले किसी भी आतंकी हमले को पाक द्वारा प्रायोजित मानकर उसे युद्ध की श्रेणी में रखा जाएगा। देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सैन्य नेतृत्व द्वारा किए गए निर्णय के साथ खड़ी है, बस विपक्षी नेताओं ने कान में रूई ठूस रखी है। उन्होंने कहा कि कुछ निर्णय कुटनीति के अनुसार होते है, सामरिक स्थिति के अनुसार होते है, उन्हें सार्वजनिक नहीं किया जाता, लेकिन कांग्रेस हमेशा ही वह भाषा बोलती है जिसका फायदा पाकिस्तान को मिलता है और कांग्रेस नेताओं के बयानों को दिखाकर पाक अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा बिना पार्टी के नाम और झंडे के तिरंगा यात्राओं का प्रदेश के गांव,गली, मोहल्ले तक आयोजन कर रही है, इसके साथ ही प्रदेश की मातृ शक्ति सिंदूर यात्रा भी निकाल रही है। भाजपा भारत के गौरव का,सेना के शौर्य का सम्मान करती है और अपने कर्त्तव्यों के प्रति सजग है, अच्छा होता कि भाजपा के आह्वान पर जिस प्रकार देश की जनता अपनी भागीदारी इन तिरंगा यात्राओं में निभा रही है, वैसे ही कांग्रेस नेता उसमें शामिल होते। लेकिन जो देश के विभाजन के लिए जिम्मेदार है और आजादी के बाद तुष्टिकरण के नाम पर देश विभाजन के बीज बौने का काम किया है वे एकता में विश्वास कहां रखते।
—————
(Udaipur Kiran)
