


सुल्तानपुर, 26 मई (Udaipur Kiran) । वीरांगना अहिल्याबाई होल्कर सुशासन और विकास की रोल मॉडल थी। उन्होंने अपने शासनकाल के दौरान न्याय, सामाजिक कल्याण और आर्थिक विकास पर ध्यान केंद्रित किया था। उन्होंने शिक्षा,स्वास्थ्य, रोजगार के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया। यह बातें जिले के प्रभारी व पंचायती राज्य मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सोमवार को जिला पंचायत परिसर में आयोजित जिला स्तरीय पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कही।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने अध्यक्षता की।
लोकमाता की 300 वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने रानी अहिल्याबाई के व्यक्तित्व व कृतित्व पर चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे देश में 130 से अधिक मंदिरों,घाटों व बावड़ी का निर्माण कराया। उन्होंने काशी, सोमनाथ से लेकर रामेश्वरम तक तीर्थ स्थलों का पुनरुद्धार किया। उनके कालजयी विचार और व्यवहार ‘बहुजन हिताय,बहुजन सुखाय’ का संदेश देते हैं। उनकी प्रसिद्धि धर्म पारायण शासक के रूप में हुई।
अध्यक्षता कर रहे सुशील त्रिपाठी ने कहा कि देवी अहिल्या बाई होलकर का जीवन समाज, संस्कृति और राष्ट्र के लिए समर्पित रहा। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व भारत की अमोल निधि है।
कार्यक्रम के प्रभारी व एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने अहिल्याबाई के व्यक्तित्व व कृतित्व पर चर्चा करते हुए सभी का आभार प्रकट किया।
उन्होंने कहा वह त्याग व न्याय की प्रतिमूर्ति थी।जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह ने प्रभारी मंत्री का पुष्प-गुच्छ देकर स्वागत किया।संचालन विजय त्रिपाठी ने किया।
इस मौके पर काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष संतबख्श सिंह चुन्नू,विधायक सीताराम वर्मा, राजप्रसाद उपाध्याय, विनोद कुमार सिंह,राजेश गौतम,प्रवीन कुमार अग्रवाल, पूर्व विधायक अर्जुन सिंह,योगेंद्र सिंह, गन्ना विकास समिति चैयरमैन गांधी सिंह, घनश्याम चौहान,ब्लॉक प्रमुख शिव कुमार सिंह,राजेन्द्र वर्मा,चन्दर प्रताप सिंह,प्रात्येश सिंह बंटी, राहुल भान मिश्रा समेत जिलेभर के प्रधान बीडीसी व अन्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / दयाशंकर गुप्ता
