Uttar Pradesh

संस्कृति और संस्कार के कारण भारत मजबूत हो रहा : डा. दिनेश शर्मा

कार्यक्रम में बोलते हुए डा. दिनेश शर्मा

–भारत के चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के साथ ही दुनिया ने देखी देश की क्षमता

लखनऊ, 25 मई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि भारत अपनी संस्कृति और संस्कार के कारण मजबूत हो रहा है। भारत विश्वगुरु था, है और रहेगा। आज का दिन बड़ा शुभ है जब भारत जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी सबसे बडी अर्थव्यवस्था बन गया है। दुनिया भारत की बढ़ती ताकत और क्षमता का प्रदर्शन देख रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत जाति के बंधन तोड़कर मजबूत बन रहा है। लोगों को बंटना नहीं है बल्कि देश को आगे बढ़ाकर एकजुट होकर काम करना होगा।

डा. शर्मा ने रविवार को गोमतीनगर में ओम नमो शिवाय संस्था द्वारा आयोजित विशाल शिव भक्त सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारत की संस्कृति लोगों को जोड़ती है, जबकि विदेशी संस्कृति बांटने का काम करती है इसलिए इससे दूर रहने की जरूरत है। जीवन में अपने व्यवहार से परिवर्तन लाना चाहिए। जीवन में संस्कारों का समावेश आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि विदेशी संस्कृति केवल दिखावा मात्र है। भारत की संस्कृति एक दर्शन है जबकि विदेशी संस्कृति प्रदर्शन है, इससे बचना चाहिए। हनुमान चालीसा के पाठ से जीवन के संकट दूर होते हैं। गुरु की कृपा ईश्वर की आराधना से ही पूर्ण होती है। उन्होंने हजारों की संख्या में उपस्थित ओम नमः शिवाय संस्था के अनुशासित भक्तों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह समय देश की एकता और एकजुटता का है। शिव परिवार की तरह विभिन्न विचारों का होते हुए भी एक साथ रहना आज की आवश्यकता है। कार्यक्रम में संस्थान के संयोजक बाबा ओम नमः शिवाय, पूर्व जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह तथा हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Most Popular

To Top