

गाजियाबाद, 24 मई (Udaipur Kiran) । कवि नगर थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर चौराहे पर एक पति ने अपनी पत्नी पर सरेराह तेजाब फेंका, जिसमें वह गंभीर रूप से झुलस गई। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि जिस वक्त पति ने अपनी पत्नी के ऊपर तेजाब फेंका, उस वक्त चौराहे पर मौजूद लोगों ने उसकाे पकड़ लिया और जबरदस्त पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया।
एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर को पुलिस को सूचना मिली कि शास्त्री नगर चौराहे पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर तेजाब फेंक दिया है। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और लोगों ने आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी का नाम विश्वजीत करमाकर है, जो परिवार के साथ महेंद्रा एनक्लेव में रहता है।
विश्वजीत की पत्नी कुछ दिन पहले गायब हो गयी थी। काफी तलाश के बावजूद वह नहीं मिली। कुछ ही दिन बाद में खुद वापस लौट आ गई। तभी से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही है। दोनों में आए दिन विवाद होता रहता था। इसी के चलते शनिवार को विश्वजीत ने शास्त्री नगर चौराहे पर जब उसकी पत्नी पहुंची तो उसने उस पर तेजाब फेंक दिया जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी से इसीलिए नाराज था कि वह कहां गई थी। उसके बारे में उसे अभी तक कुछ नहीं बताया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और विश्वजीत को हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
————–
(Udaipur Kiran) / फरमान अली
