HimachalPradesh

ऊना में 24 घंटे बंद रहेंगी इमरजेंसी सेवा, कर्मियों ने ज्ञापन सौंप दी जानकारी

ज्ञापन सौंपते हुए।

ऊना, 24 मई (Udaipur Kiran) । आपातकालीन सेवाओं में तैनात 108 एवं 102 एंबुलेंस कर्मचारियों ने 24 घंटों की हड़ताल का ऐलान किया है। इस संबंध में ऊना प्रशासन को लिखित में पत्र सौंपकर हड़ताल पर जाने की सूचना दी है और साथ ही अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा है। हिमाचल प्रदेश 108 एवं 102 एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन सीटू के बैनर तले 24 घंटे की स्ट्राईक पर रहेगी। जिसके चलते 27 मई रात आठ बजे से 28 मई रात आठ बजे तक एंबुलेंस सेवाएं ऊना जिला में सरकारी एंबुलेंस सेवाएं पूर्ण रूप से प्रभावित रहेंगी।

जानकारी देते हुए सीटू ऊना के प्रधान गुरनाम सिंह ने कहा कि 108 एवं 102 एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन सीटू से संबंधित है और सीटू पूरी तरह से इस हड़ताल का समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि ये हड़ताल कंपनी की दमनकारी नीतियों के खिलाफ हो रही है। कंपनी जिला ऊना के 60 के करीब पायलटों, कैप्टनों और फार्मासिस्टों का शोषण कर रही है। इन्हें ना तो सरकार द्वारा घोषित न्यूनत्तम वेतन मिल रहा है, जो किल रहा है उसका भी कोई निर्धारित समय नही है। कंपनी माननीय उच्च न्यायलय, लेबर कोर्ट, सीजेएम कोर्ट शिमला और श्रम नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ा रही है, लेकिन कोई भी कार्रवाई इन पर नही की जा रही है और शोषण कर्मचारियों का हो रहा है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से 12-12 घंटे ड्यूटी तो ली जा रही है, लेकिन इसका ओवरटाईम नही दिया जा रहा है। जिसके चलते कर्मचारियों ने चौबीस घंटों की हड़ताल का फैसला लिया है।

गुरनाम सिंह ने कहा कि हड़ताल की सूचना स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों को भी दी गई है। वहीं एंबुलेंस कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें सरकारी नियमानुसार न्यूनत्तम वेतन समय पर दिया जाए। आठ घंटे से ज्यादा काम करवाने पर ओवरटाईम दिया जाए। नियमानुसार छ्ट्टियों का प्रावधान हो। गाडिय़ों की मेंटीनेंस, इंश्योरेंस व कर्मचारियों की बीमारी के दौरान पूरा वेतन मिले। अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने वालों की प्रताडऩा बंद हो। कर्मचारियों के ईपीएफ और ईएसआई के क्रियान्वयन की त्रुटियों का तुरंत समाधान हो। पुरानी कंपनी से कार्यरत कर्मचारियों की पुरानी सेवाओं को भी काउंट किया जाए और वरिष्ठता लाभ मिले। कर्मचारियों के वेतन में हर साल 10 फीसदी बढ़ौतरी हो।

(Udaipur Kiran) / विकास कौंडल

Most Popular

To Top