Uttar Pradesh

सीएचसी में फर्श पर प्रसव मामले में दोषी चार स्वास्थ्यकर्मियों पर कार्रवाई

फर्श पर प्रसव का वीडियो

बलिया, 24 मई (Udaipur Kiran) । बलिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा में बरामदे के फर्श पर प्रसूता द्वारा बच्चे को जन्म देने के मामले में लापरवाही पाए जाने पर अस्पताल के चार स्वास्थ्यकर्मियों पर कार्रवाई हुई है। चारों का अन्यत्र स्थानांतरण कर दिया गया है।

गुरुवार रात करीब ढाई बजे लक्ष्मण छपरा गांव की परशुराम पटेल की बहू सविता पटेल को प्रसव पीड़ा हुई तो वह एम्बुलेंस से गुरुवार शाम को एक अन्य महिला के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोनबरसा पर पहुंची थी। चिल्लाने के बाद भी कोई चिकित्साकर्मी बाहर नहीं निकला था। इसी दौरान प्रसूता ने अस्पताल के बरामदे के फर्श पर ही बच्चे को जन्म दे दिया था। हालांकि, कुछ देर बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने उसका इलाज कर घर जाने दिया था। लेकिन अस्पताल के रिकाॅर्ड में महिला का नाम दर्ज नहीं किया था। वहीं, इसका वीडियो वायरल हुआ तो शुक्रवार को स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया था। पूर्व सांसद भरत सिंह की बेटी विजयलक्ष्मी सिंह धरने पर बैठ गई थीं। क्षेत्रीय सपा विधायक जयप्रकाश अंचल ने भी स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए थे। मौके पर पहुंचे सीएमओ संजीव वर्मन ने वायरल वीडियो की जांच के आदेश दिए थे। जांच के बाद चिकित्सा अधिकारी डॉ. व्यास कुमार का गड़वार, अधीक्षक स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार का रिगवन, स्टाफ नर्स प्रियंका सिंह का नरही और स्टाफ नर्स कंचन का जयप्रकाश नगर स्थानांतरण किया गया है।

(Udaipur Kiran) / नीतू तिवारी

Most Popular

To Top