
मुरादाबाद, 23 मई (Udaipur Kiran) । सैन्य अधिकारी सोफिया कुरैशी और व्योमिका सिंह देश सेवा में अग्रसर हैं। दोनों देश का गौरव हैं। उनका सभी को सम्मान करना चाहिए। सोफिया के बारे में टिप्पणी होने पर महिला आयोग सबसे पहले सामने आया था। आयोग ने मध्य प्रदेश के नेता की कड़े शब्दों में निंदा की थी। यह बातें शुक्रवार को मुरादाबाद पहुंची राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहीं।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि कोई भी महिलाएं जो देश की गौरव हैं। उनके सम्मान के खिलाफ की गई टिप्पणी को स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महिला आपके द्वार कार्यक्रम की शुरुआत की है। पहली जनसुनवाई बरेली में की गई। इस दौरान 70 आम महिलाएं अपनी समस्याओं को लेकर आई थी। इसी प्रकार देश के प्रमुख शहरों में आयोग सुनवाई के लिए स्थान तय करेगा। प्रधानमंत्री ने संसद ने महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का कानून पास कराया है। इस मामले में महिलाओं को भविष्य की तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने महिला मोर्चा की नेताओं से महिलाओं को कानून की जानकारी देने का आह्वान किया। बताया कि कामकाजी महिलाओं को डरने की जरूरत नहीं है। इसके लिए आयोग शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करेगा। कार्यक्रम का संचालन महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रिया अग्रवाल ने किया। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रिया अग्रवाल, महापौर विनोद अग्रवाल, मुरादाबाद नगर विधानसभा से विधायक रितेश गुप्ता, कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, जिलाध्यक्ष आकाश पाल आदि रहे।
(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल
