Uttar Pradesh

कृषि उत्पादकता को बढ़ावा देने के लिए 29 मई से चलेगा कृषि संकल्प अभियान

कृषि उत्पादकता को लेकर बैठक

—कृषि कल्याण मंत्रालय की पहल,किसानों को विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण भी कराया जायेगा

वाराणसी,23 मई (Udaipur Kiran) । खरीफ के फसल के मौसम में आधुनिक तकनीक और कृषि उत्पादकता को बढ़ावा देने के लिए कृषि कल्याण मंत्रालय की ओर से विकसित कृषि संकल्प अभियान-2025 चलाया जाएगा। अभियान कृषि तथा समवर्ती विभागों के वैज्ञानिकों, अधिकारियों की मौजूदगी में 29 मई से 12 जून तक संचालित होगा।

अभियान के दौरान सरकार की योजनाओं की पूरी जानकारी किसानों को मुहैय्या कराई जाएगी। इस अभियान में किसान रथ का प्रयोग करके योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के साथ किसानों को विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण भी कराया जायेगा। कार्यक्रम में लेखपालों की मदद से फार्मर रजिस्ट्री तथा पीएम किसान सम्मान निधि से वंचित लोगों को भी जोड़ा जाएगा । अभियान को लेकर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार, प्रमुख सचिव कृषि रवीन्द्र कुमार ने शुक्रवार को सर्किट हाउस सभागार में बैठक की। इसमें वाराणसी, मिर्जापुर तथा आज़मगढ़ मंडल के मुख्य विकास अधिकारियों, कृषि तथा उद्यान विभाग के अधिकारियों ने भी भागीदारी की। निदेशक कृषि जितेंद्र तोमर ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि विकसित कृषि संकल्प अभियान कृषि कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित किया जा रहा है।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि आईसीएआर, केवीके (कृषि विज्ञान केन्द्र) तथा कृषि समवर्ती विभाग के वैज्ञानिकों तथा अधिकारियों द्वारा किसानों की मौजूदगी में सभी न्याय पंचायतों के मध्य सहकारी समितियों, किसान विकास केंद्रों आदि पर यह कार्यक्रम आयोजित होगा। इस पूरे अभियान में कृषि तथा संबंधित विभाग जिसमें बागवानी, पशुपालन, उद्यान, सहकारिता तथा मत्स्य पालन विभाग की भी प्रमुख जिम्मेदारियां चिन्हित की गयी हैं। उन्होंने बताया कि अभियान प्रतिदिन तीन चरणों में संचालित होगा जिसमें सुबह 8 से 11, दोपहर 12 से 02 (जिसको किसी छाया में आयोजित किया जायेगा) तथा शाम में 03 से 06 बजे तक आयोजित होगा। अभियान में किसानों को मृदा स्वास्थ्य बनाये रखने, स्वायल टेस्टिंग के आधार पर उर्वरक का प्रयोग, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा रसायन के दुरूपयोग को रोकने, किसानों का प्रशिक्षण, जल प्रबंधन पर विशेष जोर, किसानों को अनुसंधान से जोड़ने, किसानों के फीडबैक शामिल करते हुए कुलमिलाकर उन्नत खेती पर जोर देना है। अभियान में अच्छे वैज्ञानिकों को जोड़ा जायेगा ताकि ज्यादा लोगों को लाभ मिलना सुनिश्चित हो सके।

बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार, प्रमुख सचिव कृषि रविंद्र, वाराणसी मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, मंडलायुक्त आजमगढ़ विवेक, जिलाधिकारी वाराणसी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल समेत मंडल के सभी जिलों के मुख्य विकास अधिकारी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top