
फरीदाबाद, 23 मई (Udaipur Kiran) । शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 1600 टन कचरा फैला हुआ है। दो दिनों से खत्तों से कचरा नहीं उठ पाया है। ऐसे में जगह-जगह कचरा जमा होने से लोगों में नाराजगी है। खत्तों से कचरा उठाने की जिम्मेदारी निजी कंपनी की है, जिसे नगर निगम ने ठेका दिया हुआ है। हैरानी की बात है कि खत्तों से नियमित रूप से कचरा नहीं उठ रहा है और नगर निगम के कर्मचारी ही कई खत्तों पर कचरा डाल रहे हैं। लोगों को रास्तों से निकलना मुश्किल हो रहा है।
बता दें कि स्वच्छ भारत मिशन के रिकार्ड के अनुसार इन दिनों प्रतिदिन शहर से लगभग 800 टन कचरा निकल रहा है। इनमें से अधिकांश मात्रा में कचरा बंधवाड़ी प्लांट और प्रतापगढ़ जाता है। अब दो दिन से यहां की स्थिति बिगड़ रही है। कई जगह देखें तो सडक़ें पर कचरा फैला नजर आता है। गर्मी में कचरे से संक्रमण के फैलने की आशंका बनी हुई है। कन्फेडरेशन आफ आरडएब्ल्यूए के अध्यक्ष एनके गर्ग का कहना है कि पूरे नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता का हाल खराब है। निजी कंपनी सही तरीके से काम नहीं कर रही है। नगर निगम अधिकारी गंभीरता बरतें और प्रतिदिन सही तरीके से कचरा उठेगा तो ही शहर साफ नजर आएगा।नगर निगम के स्वच्छ भारत मिशन के कार्यकारी अभियंता नितिन कादियान ने बताया कि कचरे उठाने का कार्य संतोषजनक न होने के कारण कंपनी को नोटिस भेजा गया है। निगमायुक्त को स्थिति से अवगत करा दिया है। कंपनी पर 10 हजार रुपये प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना किया जाएगा।
(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर
