
कानपुर, 21 मई (Udaipur Kiran) । तिरंगा केवल एक झंडा नहीं बल्कि भारत की आत्मा हमारी अस्मिता और गर्व का प्रतीक है। आज की यह तिरंगा यात्रा हमारी एकता अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश देने वाली प्रेरणादायक मिसाल बनेगी। यह तिरंगा यात्रा सिर्फ एक आयोजन नहीं है। यह हर दिल में देश के लिए धड़कते गर्व और समर्पण की जीवंत तस्वीर है। यह बातें बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने कही।
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना की ओर से पाकिस्तान में घुसकर आतंकी ठिकानों को ढेर किए जाने के बाद से देश भर में जश्न का माहौल है। इसी क्रम में छावनी विधानसभा में तिरंगे का भव्य जुलूस, देशभक्ति की उमड़ी लहर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य डॉ दिनेश शर्मा भी शामिल हुए।
इससे पहले शहीद मेजर सलमान के पिता मुस्ताक खान और शहीद लेफ्टिनेंट आलोक साहू के पिता पुत्तू लाल ने हरी झंडी दिखा कर तिरंगा यात्रा को रवाना किया।
भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह तिरंगा यात्रा की अगुवाई कर रहे थे। सड़कों पर लहराते हजारों तिरंगे, गगनभेदी नारों की गूंज, ढोल-नगाड़ों की ताल और देशभक्ति गीतों ने ऐसा माहौल बना दिया जैसे पूरा शहर तिरंगे के रंग में रंग गया हो। युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित हर वर्ग की भागीदारी ने इस यात्रा को एक जनआंदोलन का स्वरूप दे दिया।
यात्रा के दौरान रास्ते में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय निवासियों द्वारा एक दर्जन से अधिक जगहों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। 500 मीटर लंबा तिरंगा लेकर चल रहे एनसीसी कैडेट्स द्वारा यात्रा इतनी प्रभावशाली और अनुशासित रही कि हर देखने वाला मंत्रमुग्ध हो उठा।
यात्रा में सांसद रमेश अवस्थी, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, रघुनंदन भदौरिया, महेश त्रिवेदी, अरुण पाठक, राम बहादुर यादव, जसविंदर सिंह, ओपी आर्या, सनी जायसवाल, सुमित तिवारी, आलोक वर्मा, राजन चौहान, अर्जुन बेरिया, एलबी पटेल, अर्चना आर्या, बीएल पांडेय, गौरव चतुर्वेदी, आदि।
(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप
