
चित्तौड़गढ़, 21 मई (Udaipur Kiran) । राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि हमें अपने देश की सेनाओं पर गर्व है, जिन्होंने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत पाकिस्तान की सीमा के अंदर जा कर आतंकवादी ठिकानो कों नस्तेनाबूद कर दिया। पाकिस्तान को अच्छा सबक सिखाया है।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी बुधवार को निकाली तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए चित्तौड़गढ़ पहुंचे थे। यहां पर उन्होंने सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में जिस तरह से पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने धर्म पूछ कर लोगों पर गोलीबारी की है यह एक कायराना और शर्मनाक घटना है। इसके बाद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की तीनों सेनाओ को आतंकवादियों से निपटने के लिए खुली छूट दी थी। हमारे तीनों सेना के जवानों ने साहसिक तरीके से पाकिस्तान कि सीमा में घुस कर आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। हमें अपने देश की सेना और जवानों पर गर्व है। इसी खुशी में पूरे देश में देश की सेना के जवानों के जज्बे को सलाम करने के लिए तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही है। इसी सिलसिले में चित्तौड़गढ़ में भी तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। इसी में हिस्सा लेने के लिए चित्तौड़गढ़ आया हूं।
चित्तौड़ पहुंचने पर हुआ स्वागत
इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के चित्तौड़गढ़ पहुंचने पर सर्किट हाउस में स्वागत किया गया। यहां सांसद सीपी जोशी, जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, भाजपा के वरिष्ठ नेता और निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, पूर्व यूआईटी चेयरमैन सुरेश झंवर सहित कई लोगों ने उनका स्वागत किया।
तिरंगा यात्रा में उमड़ा देश भक्ति का ज्वार
इधर, देर शाम चित्तौड़गढ़ शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें शहरी क्षेत्र देश भक्ति के ज्वार में डूबा दिखा। दुर्ग के प्रवेश द्वार पाड़नपोल से तिरंगा यात्रा शुरू हुई। इसमें डीजे पर देशभक्ति के गीत बज रहे थे। मार्ग में जगह जगह पुष्प वर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया गया। इसमें विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के अलावा भाजपा के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / अखिल
