Assam

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 की तैयारी की समीक्षा, स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने की आनलाइन बैठक

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 की तैयारी की समीक्षा, स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल की आनलाइन बैठक की तस्वीर।

गुवाहाटी, 21 मई (Udaipur Kiran) । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) 2025 के आयोजन को लेकर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने बुधवार को सभी जिलों के उपायुक्तों और सह-उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। इस बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के आयुक्त-सचिव डॉ. पी. अशोक बाबू तथा आयुष निदेशक इंद्रानोषी दास भी उपस्थित रहीं।

बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि योग केवल 21 जून के लिए नहीं, बल्कि यह वर्षभर प्रतिदिन अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से आह्वान किया कि योग को जनजीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाएं और लोगों को सक्रिय रूप से जोड़ें। उन्होंने कहा कि योग दिवस को एक औपचारिक आयोजन से आगे ले जाकर एक जीवंत जनोत्सव में बदला जाए, जिसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी हो।

हर वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है, जो उत्तरी गोलार्ध में सबसे लंबे दिन का प्रतीक है। इस वर्ष का थीम है “वन अर्थ वन हेल्थ”, जो व्यक्तिगत स्वास्थ्य और पृथ्वी के स्वास्थ्य के बीच गहरे संबंध को रेखांकित करता है।

राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम इस बार बाक्सा जिले के सालबाड़ी में आयोजित किया जाएगा। यह स्थल आयुष निदेशक और बाक्सा के आयुक्त द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री द्वारा अनुमोदित किया गया है। सभी जिलों को कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु जनभागीदारी और प्रचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य स्तरीय आयोजन के साथ-साथ सभी 35 जिलों में जिला और उप-जिला स्तर पर भी कार्यक्रम होंगे। इनमें योग प्रदर्शन, जागरूकता रैलियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, और योग प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। स्कूल, कॉलेज, पंचायतें और आयुष्मान आरोग्य मंदिर इन कार्यक्रमों में प्रमुख भूमिका निभाएंगे।

आईडीवाई 2025 के भव्य आयोजन के तहत आयुष मंत्रालय कई नवाचारात्मक पहलें शुरू कर रहा है। जिनमें योग संगम: विश्वभर में 1,00,000 स्थानों पर एक साथ योग प्रदर्शन, जिससे नया वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित होगा। योग बंधन: 10 देशों के प्रतिष्ठित स्थलों पर अंतरराष्ट्रीय सहयोग के साथ योग सत्र। योग समावेश: दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, बच्चे और वंचित वर्गों के लिए विशेष योग कार्यक्रम। हरित योग: योग के साथ पौधारोपण व स्वच्छता अभियान। योग प्रभाव: योग के सार्वजनिक स्वास्थ्य पर प्रभाव की 10 वर्षीय समीक्षा। योग कनेक्ट वर्चुअल ग्लोबल समिट: विश्व के प्रमुख योगाचार्य और स्वास्थ्य विशेषज्ञों का सम्मेलन। योग अनप्लग्ड: युवाओं के लिए आकर्षक गतिविधियां और चुनौतियां। योग महाकुंभ: 10 स्थानों पर सप्ताहभर चलने वाला उत्सव, जिसका समापन प्रधानमंत्री की उपस्थिति में होगा। संयोगम्: 100 दिन का विशेष अभियान, जो आधुनिक चिकित्सा और योग को जोड़कर समुदाय-स्तरीय स्वास्थ्य को मजबूत करेगा।

इन पहलों का कुछ भाग असम के विभिन्न जिलों में भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें युवाओं और सभी समुदायों की भागीदारी को प्राथमिकता दी जाएगी। 21 जून से पहले विशेष काउंटडाउन कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।

कॉमन योग प्रोटोकॉल के आधार पर चार आयु वर्गों में योग आसन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। यह कार्यक्रम आयुक्त की निगरानी में और जिला नोडल अधिकारी (आयुष) के समन्वय में संचालित होंगे। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे और विजेताओं को स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में सम्मानित किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने सभी अधिकारियों से शैक्षणिक संस्थानों, सशस्त्र बलों, एनसीसी, एनएसएस, स्थानीय निकायों, गैर-सरकारी संगठनों और योग संस्थाओं के साथ समन्वय कर अधिकतम् भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि योग के प्रचार-प्रसार हेतु प्रिंट, डिजिटल और आउटडोर माध्यमों में एक व्यापक मीडिया अभियान भी शीघ्र शुरू किया जाएगा।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top