
राजगढ़, 21 मई (Udaipur Kiran) । 300 साल पहले देवी अहिल्याबाई ने माहेश्वरी साड़ियों के माध्यम से बहनों के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया था, वैसे ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महिलाओं के सशक्तिकरण की बात करते है। यह बात देवी अहिल्याबई की 300 वी जयंती के अवसर पर बुधवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक जोशी ने संबोधन के दौरान कही। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई ने मंदिरों के जीर्णोद्वार के माध्यम से देश की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और धार्मिक चेतना का संरक्षण-संवर्धन किया था। श्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी माता अहिल्याबाई देवी के द्वारा निर्धारित मापदंडों पर चलते हुए भारत को परम वैभवशाली बनाने की दिशा में अभिराम परिश्रम कर रहे है।
प्रधानमंत्री महिलाओं के सशक्तिकरण की बात करते है वहीं उन्होंने लाखों बहनों को लखपति दीदी बनाकर आर्थिक रुप से आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा है। देवी अहिल्याबाई की 300 वी जयंती के अवसर पर 21 से 31 मई तक जिला मुख्यालय सहित प्रमुख स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर देवी अहिल्याबाई होलकर के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। इस मौके पर सांसद रोडमल नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, कार्यक्रम जिला संयोजक जगदीश पंवार, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष अनीता दुबे, मंडल अध्यक्ष मनीष जोशी सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक
