
वाराणसी, 21 मई (Udaipur Kiran) । लंका थाना क्षेत्र के मारुति नगर में बुधवार पूर्वाह्न एक निर्माणाधीन भवन का जीना (सीढ़ी) की शटरिंग हटाते समय अचानक ढह गया। इस हादसे में दो मजदूर मलबे में दब गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। दोनों घायल मजदूरों को तत्काल बीएचयू ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टराें ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया।
लंका थाना प्रभारी ने बताया कि मृत मजदूर की पहचान राम प्रवेश (25) पुत्र राजाराम, निवासी सरसा देवरिया थाना, जिला मिर्जापुर के रूप में हुई है। घायल मजदूर का नाम महेश पुत्र जवाहिर है। पुलिस ने मृतक और घायल के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। हादसे के बाद निर्माणाधीन भवन के कार्यों को रोक दिया गया है और मामले की छानबीन चल रही है।
मुख्यमंत्री ने हादसे का संज्ञान लिया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लंका क्षेत्र के मारूति नगर में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में हुए हादसे का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने मृतक के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायल मजदूरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी
