देहरादून, 20 मई (Udaipur Kiran) । आदि कैलाश यात्रा मार्ग ऐलगाड के पास भूस्खलन से फिलहाल बंद है। यहां भूस्खलन से दोनों तरफ फंसे यात्रियों को सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) एवं पुलिस की टीम रास्ता पार करवा रहीं हैं। सीमा सड़क संगठन के डीआईजी मौके पर मौजूद हैं और भूस्खलन के दौरान चोटिल हुए जवान को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही मार्ग पर आए मलबे और बोल्डर को हटाने के लिए जवानों का हौसला बढ़ा रहे हैं।
पिथौरागढ़ जिले में धारचूला से आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर ऐलागाड के पास पहाड़ी से भारी भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन की वजह से यात्रा मार्ग फिलहाल बंद है। भूस्खलन के चलते आदि कैलाश यात्री और स्थानीय लोगों को प्रशासन एवं पुलिस की टीम के साथ ही बीआरओ के जवान रास्ता पार करवा रहे हैं।
बीआरओ के डीआईजी सुधांऊ नौटियाल ने मंगलवार को बताया कि भूस्खलन की वजह से चौकी को भी नुकसान पहुंचा है, भूस्खलन की चपेट में आने से एक जवान चोटिल हो गया है, जिसका धारचूला स्वास्थ्य केंद्र में उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जवान के पांव में चोट आई है।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pokhriyal
