
मऊगंज, 20 मई (Udaipur Kiran) । मऊगंज के गढ़ी थाना क्षेत्र के बंधवा गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ गांव में युवक पर हमला करने के बाद भाजपा नेता के घर में घुस गया। परिजन घर से बाहर निकल आए और दरवाजा बाहर से लगाकर तेंदुए को अंदर बंद कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद मुकुंदपुर से आई वन विभाग की विशेष रेस्क्यू टीम ने करीब सवा घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए काे रेस्क्यू किया। इस दाैरान रेंजर नयन तिवारी भी मौके पर मौजूद रहे।
जानकारी अनुसार मामला मंगलवार सुबह करीब 7 बजे का है। आंबी गांव के दो युवक शौच के लिए खेतों में गए थे। इसी दौरान तेंदुआ उन पर झपट पड़ा। स्थानीय ग्रामीण मनीष कुमार सेन ने बताया कि तेंदुए ने शुभम साकेत (18) पर हमला किया। उसकी गर्दन और कूल्हे पर घाव हैं। युवकों ने शोर मचाया तो तेंदुआ पूर्व पार्षद सीएम सिंह पटेल के घर में घुस गया। सीताराम ने कहा कि गांव में तेंदुआ पहली बार आया है। तेंदुए की सूचना मिलते ही नई गढ़ी थाना पुलिस गांव पहुंची और वन विभाग को जानकारी दी। मुकुंदपुर सफारी से आई विशेष टीम अपने साथ पिंजरा भी लाई थी।
रेस्क्यू टीम मकान की छत पर चढ़ी और तेंदुए की पोजिशन चेक की। इसके बाद टीम ने तेंदुए को बेहोश करने के लिए डार्ट गन का इस्तेमाल किया। ट्रेंकुलाइज करने के बाद रेस्क्यू टीम ने तेंदुए को पकड़ लिया। रेस्क्यू टीम ने बेहोश तेंदुए को पिंजरे में बंद कर दिया और मुकुंदपुर सफारी ले गई है। पुलिस ने ग्रामीणों को सावधानी बरतने को कहा है।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे
