Uttrakhand

संघ शताब्दी वर्ष पर करेगा सेवा केंद्रों का विस्तार: डॉ शैलेंद्र

डॉ शैलेन्द्र

देहरादून, 19 मई (Udaipur Kiran) । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र ने कहा कि वर्ष 1925 में स्थापित संघ आगामी विजयदशमी को अपने 100 वर्ष पूर्ण करेगा। संघ के शताब्दी वर्ष पर देशभर में सेवा केंद्रों का विस्तार किया जाएगा और अभावग्रस्त लोगों के जीवन-स्तर को सुधारने हेतु विशेष अभियान चलाए जाएंगे। लक्ष्य की प्राप्ति कर हम अपने सपनों का भारत अर्थात वैभवशाली भारत के निर्माण को संभव कर पाएंगे।

वे साेमवार को इंदिरा नगर स्थित संघ कार्यालय में जनकल्याण न्यास द्वारा संचालित केशव फिजियोथैरेपी केन्द्र के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा, न त्वहं कामये राज्यं न स्वर्गं नापुनर्भवम्। कामये दुःखतप्तानां प्राणिनामार्तिनाशनम्-अर्थात् ना तो हमें राज्य की इच्छा है न ही स्वर्ग की और न ही पुनर्जन्म की। हमारी तो एक ही कामना है कि हम दुख से पीड़ित प्राणियों की पीड़ा को दूर कर सकें। इसी उद्देश्य को लेकर सम्पूर्ण प्रदेश में अनेक सेवा के प्रकल्प चलाए जा रहे हैं।

डॉ. शैलेंद्र ने कहा कि सम्पूर्ण प्रदेश में 125 संस्कार केन्द्र, 60 सिलाई केंद्र, एक विद्यालय, चार पुस्तकालय, पांच छात्रावास, पांच कंप्यूटर केंद्र, 8 स्वास्थ्य केंद्र, 5 ग्राम विकास केंद्र, 11 अत्याधुनिक अस्पताल एवं ऋषिकेश के पास मरीजों के परिजनों के लिए 421 बेड का बहु मंजिला आवास माधव सेवा आश्रम के नाम से संचालित है। इसके साथ ही अनेक सेवा कार्य स्थाई रूप से सेवा बस्तियों और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे हैं। सुदूर जनजाति क्षेत्र में छात्रावास चल रहे हैं।

न्यास के अध्यक्ष कैलाश मेलाना ने प्रदेश में न्यास की भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का सफल संचालन न्यास के सचिव पवन शर्मा ने किया इस अवसर पर सुप्रसिद्ध समाजसेवी कर्नल मदन मोहन चौबे, न्यासी सुरेन्द्र मित्तल, उदय पाल सिंह के अलावा नगर संघ चालक चंद्र मोहन गौड़, डॉक्टर जगमोहन राणा, उदयवीर, प्रांत सामाजिक समरसता संयोजक राजेंद्र पन्त, अनिल नन्दा, नीरज मित्तल, नंदकिशोर, विधायक सविता कपूर, भारत विकास परिषद की प्रदेश अध्यक्ष निशा अग्रवाल आदि मौजूद रहेे।

—-

(Udaipur Kiran) / Vinod Pokhriyal

Most Popular

To Top