Uttar Pradesh

बीजेपी और ब्राह्मण संगठन ने किया अखिलेश यादव का पुतला दहन

पुतले को पैरों तले रौंदते हुए
नारेबाजी करते हुए
पुतला दहन करते हुए

अमेठी, 18 मई (Udaipur Kiran) । समाजवादी पार्टी के सोशल मीडिया अकाउंट से उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के ऊपर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर अमेठी के राजर्षि तिराहे पर भारतीय जनता पार्टी एवं ब्राह्मण स्वाभिमान एकता मंच के सामूहिक तत्वावधान में एकत्रित हुए कार्यकर्ताओं ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मुर्दाबाद का उद्घोष करते हुए पुतला दहन किया।

इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए ब्राह्मण स्वाभिमान एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश तिवारी ने कहा कि यह एक सामाजिक प्रकरण है। इसको हम राजनीति से नहीं जोड़ना चाहते हैं। बृजेश पाठक समाज के बहुत बड़े चेहरे हैं, जो समाज ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश को आगे बढ़ने का कार्य कर रहे हैं। जिस प्रकार सभी जातियों के अपने-अपने चेहरे हैं, उसी प्रकार हमारे ब्राह्मण समाज के उत्तर प्रदेश में बृजेश पाठक बड़े चेहरों में से हैं। उनकी मां को गाली दिया जाना पूरे ब्राह्मण समाज की मां को गाली दिया जाना है। यह लोग इसको बहुत हल्के में ले रहे हैं जबकि अखिलेश यादव के पास संस्कार नाम की कोई चीज नहीं है। उन्होंने मां के दर्द को नहीं झेला है और पिता को लात मारकर बाहर निकालने का काम किया है। ऐसे लोग संस्कारों को नहीं समझ सकते हैं।

ब्राह्मण समाज को बनाने का कार्य करता है। पूरे हिंदुत्व और सनातन को मजबूत करने का कार्य करता है। ऐसी स्थिति में वह ब्राह्मण नेता को गाली दे रहे हैं तो बहुत ही अपमान जनक स्थिति है। पूरे प्रदेश ही नहीं पूरे देश का ब्राह्मण समाज इसको बड़े गौर से देख रहा है। कोई बात मुंह से निकल जाने वाली होती है और कोई बात सोशल मीडिया पर लिखकर डालने वाली होती है। सोच समझ कर यह कार्य किया गया है। यह कार्य ब्राह्मण को अपमानित करने और कमजोर करने के लिए किया गया है। ब्राह्मण न असहज है, न कमजोर है, न ही निर्बल है। बल्कि ब्राह्मण मजबूत और सबल है। वह सनातन और हिंदू धर्म के लिए लड़ रहा है। इसलिए वह अपनी लड़ाई स्वयं लड़ सकता है। उसे किसी सरकार की आवश्यकता नहीं है। जरूरत पड़ने पर हम लोग पूरे प्रदेश में आग लगा देंगे।

यदि हमारी माताओं, बहनों का अपमान किया जाएगा तो अखिलेश यादव ही नहीं बल्कि किसी में इतनी शक्ति नहीं है कि हमारी मां बहनों को गाली दे सके। उसकी जबान काट ली जाएगी। अखिलेश यादव ने हमेशा इस तरह का कार्य किया है।

उन्होंने अपने नेता स्वामी प्रसाद मौर्य को आगे करके रामचरितमानस को अपमानित करने का काम करवाया है। हमारे साधु संतों को गाली खिलवाने का कार्य करवाया है। हमारे देश प्राण को कमजोर करने का कार्य किया है। यही इनकी पहचान है। यह पूरे हिंदू समाज को समझने की आवश्यकता है। ऐसे सल्तनत चलने वाले नेता ऐसे मुस्लिम परस्त नेता को उखाड़ फेंकने की आवश्यकता है। जो हमारे योगीजी कहते हैं कटेंगे तो बटेंगे वह सही है। हमारे पूरे हिंदू समाज को एक रहने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा पाकिस्तान ही नहीं, भारत में ही पल रहे इस तरह के जो आतंकवादी हैं, उनसे हमको मुकाबला करने की आवश्यकता है। ब्राह्मण समाज सम्पूर्ण भारत के सभी समाज को लेकर चलने का काम कर रहा है। ऐसे में ब्राह्मण स्वाभिमान एकता मंच मांग करता है कि अखिलेश यादव स्वयं अपना भविष्य देखते हुए ब्राह्मण समाज और बृजेश पाठक को माफीनामा लिखकर देना चाहिए। जिससे उनका भविष्य और उनकी पार्टी सुरक्षित रह सके। अगर ऐसा नहीं होता है तो अखिलेश यादव पूरे प्रदेश में मीटिंग और सम्मेलन नहीं करने पाएंगे। उनके अस्तित्व को समाप्त कर दिया जाएगा। क्योंकि यह किसी एक मां की गाली नहीं है, पूरे ब्राह्मण समाज को गाली है। यह गाली ब्राह्मण समाज किसी भी कीमत पर सुनने को तैयार नहीं है।

वहीं भारतीय जनता पार्टी अमेठी जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कहा कि उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक की माताजी के ऊपर जिस तरह से समाजवादी पार्टी के आईटी सेल द्वारा जो बयान जारी किया गया है और डीएनए की बात की गई है एक मां का अपमान किया गया है। हर व्यक्ति की मां उसके लिए पवित्र मानी जाती है। इसी से आहत होकर हम सब आज अखिलेश यादव के पुतला का दहन किए हैं। भविष्य में यदि अखिलेश यादव इस तरह की गलती बार-बार करते रहेंगे तो निश्चित रूप से उन्हें इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। यह निहायत गलत और निंदनीय है, इसके लिए उन्हें बृजेश पाठक के पास जाकर माफी मांगनी चाहिए और सम्पूर्ण समाज से माफी मांगनी चाहिए। यह जो ब्राह्मण समाज को टारगेट किया गया है यह अखिलेश यादव को आने वाले समय में बहुत भारी पड़ेगा।

2027 के चुनाव में उत्तर प्रदेश में इनका कहीं आता पता चलने वाला नहीं है। यह जिस तरीके से महापुरुषों और मां बहनों के ऊपर टिप्पणी करते हैं, समाज को बांटने का काम कर रहे हैं यह अखिलेश यादव को बहुत भारी पड़ेगा। आईटी सेल पर मुकदमा पंजीकृत किया जा चुका है और पुलिस अपना कार्य कर रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / लोकेश त्रिपाठी

Most Popular

To Top