मुंबई, 17 मई (Udaipur Kiran) । कर्नाटक तट से दूर पूर्वी मध्य अरब सागर में 22 मई के आस-पास एक कम दबाव का क्षेत्र बनने से चक्रवात आने की संभावना है। इससे रविवार से 25 मई तक महाराष्ट्र के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। आपदा प्रबंधन सहित सभी एजेसिंयों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।
मौसम विभाग की ओर से जारी की गई चेतावनी के अनुसार 19 मई से 25 मई के बीच राज्य में वर्षा गतिविधि में वृद्धि होने की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और आस-पास के घाट क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। शनिवार से मंगलवार के दौरान कोकण, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में गरज, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाओं के साथ हल्की व मध्यम बारिश का अनुमान है। एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण गुजरात-उत्तर कोकण तटों से दूर पूर्व मध्य और आसपास के उत्तर-पूर्व अरब सागर पर औसत समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर स्थित है। 21 मई के आस-पास कर्नाटक तट से दूर पूर्व मध्य अरब सागर के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से 22 मई के आस-पास उस क्षेत्र में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके बाद उत्तर की ओर बढ़ने और तीव्र होने की संभावना है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण अरब सागर, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र के कुछ और हिस्सों, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान द्वीप समूह और अंडमान सागर के शेष हिस्सों में आगे बढ़ा है। अगले 3-4 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण अरब सागर, मालदीव, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, मध्य बंगाल की खाड़ी, उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
मछुआरों को अगले 5 दिनों तक समुद्र में न जाने की चेतावनी दई गई है. उत्तर महाराष्ट्र, दक्षिण महाराष्ट्र-गोवा तट, दक्षिण कोंकण के समुद्र में 35 किमी प्रति घंटे से 45 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलने की संभावना है, जो 55 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
—————
(Udaipur Kiran) / वी कुमार
