
भोपाल, 17 मई (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह के कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए गए आपत्तिजनक बयान के बाद उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते भी अपने बयानों के कारण विवादों में घिर गए हैं। सेना को लेकर दिए गए विवादित बयानों को लेकर कांग्रेस ने तीनों नेताओं और भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन कर पुतले दहन किए।
इंदौर में कांग्रेस ने बयानों के विरोध में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पोस्टर पर मुंह पर ताला लगाकर और आंखों पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। वहीं, रतलाम में महिला कांग्रेस ने मंत्री विजय शाह की फोटो पर चूड़ियों का हार पहनाया और डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा का पोस्टर जलाया। इसी तरह उज्जैन, मंदसौर, शिवपुरी, रतलाम, उमरिया, श्योपुर में भी कांग्रेस और महिला कांग्रेस ने देवड़ा और विजय शाह के पुतले जलाकर कार्रवाई की मांग की।
इधर, भोपाल से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने अंकुर ग्राउंड के सामने तीनों सेनाओं के अध्यक्षों को सामूहिक सलामी दी। इसके बाद उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश पर ही मंत्री विजय शाह पर FIR हुई और पूरा विश्वास है कि कोर्ट ही बर्खास्त करने का आदेश देगा। भोपाल में कांग्रेस मुख्यालय में शनिवार को पूर्व सैनिकों की बैठक हुई। इस दौरान रिटायर्ड मेजर जनरल श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने कहा कि भले ही सेना कुछ नहीं कह सकती, लेकिन बतौर पूर्व सैनिक ऐसे बयानों से हमें भी आघात पहुंचा है। अगर सरकार जल्द ही फैसला नहीं लेगी तो वह भी दोषी होगी। ऐसी स्थिति में देश भर के पूर्व सैनिक जनता के साथ सड़कों पर आ जाएंगे।
आगर मालवा जिले के सुसनेर में डाक बंगला तिराहे पर कांग्रेस कांग्रेस कार्यकर्ताओं नारेबाजी करते हुए मंत्री विजय शाह और उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा का पुतला फूंका। इस दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा। वहीं, पांढुर्णा जिले में शनिवार की शाम को कांग्रेस और भाजपा ने दो अलग-अलग आयोजन किए। कांग्रेस ने उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री विजय शाह का पुतला दहन किया।
जबलपुर में कांग्रेस कार्यकर्ता गौ माता चौक पर एकत्रित हुए और पैदल मार्च करते हुए आरएसएस के कार्यालय केशव कुटी पहुंचे, जहां उन्होंने एक प्रार्थना पत्र सौंपा और मांग की है कि जल्द से जल्द दोनों मंत्रियों को बर्खास्त किया जाए। इटारसी के रामपुर में जगदीश देवड़ा और विजय शाह के विवादित बयानों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रामपुर में प्रदर्शन किया। रामपुर चौराहे पर दोनों मंत्रियों का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और रामपुर थाने में पहुंचकर मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
भोपाल में कांग्रेस पार्टी की छात्र इकाई एनएसयूआई ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री विजय शाह का पुतला दहन किया। भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया। छिंदवाड़ा में कांग्रेस ने उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के विरोध में उग्र प्रदर्शन किया। देवड़ा का पुतला भी जलाया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी देखने को मिली।
(Udaipur Kiran) तोमर
