Haryana

जींद : सेना के सम्मान में निकाली गई तिरंगा यात्रा

तिरंगा यात्रा के साथ चलते हुए विधायक रामकुमार गौत्तम।

जींद, 17 मई (Udaipur Kiran) । जिला में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा शनिवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। बराडख़ेड़ा में तिरंगा यात्रा के मुख्य संयोजक और भाजपा नेता कैप्टन योगेश बैरागी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे देश की वीर सेना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूत सरकार ने मिल कर पाक को उसकी नापाक और कायर हरकतों की वजह से सबक सिखाया है।

दुश्मन देश पर हिंदुस्तान की नैतिक जीत को हम देशभक्त पूरे देश में तिरंगा यात्रा निकाल कर सैलिब्रेट कर रहे हैं। भारत के नागरिकों पर आतंकियों द्वारा किए गए हमले के बाद देश के नाम पर सभी वर्ग और समुदाय के लोग एकजुट हैं। कैप्टन योगेश बैरागी ने कहा कि हमें हमारे वीर सैनिकों और शहीदों का पूरा मान सम्मान करना चाहिए। क्योंकि उन्हीं के बलिदान के बदौलत हम आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। उधर, सफीदों में शनिवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा की अगुवाई विधायक रामकुमार गौत्तम ने की। यात्रा का शुभारंभ नगर के ऐतिहासिक नागक्षेत्र सरोवर प्रांगण से किया गया। यह यात्रा नगर के विभिन्न बाजारों से होकर निकली और उसका रेलवे रोड़ स्थित विश्राम गृह में आकर समापन हो गया।

इस तिरंगा यात्रा में महिलाओं व युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों ने यात्रा के दौरान भारत माता की जय के गगनभेदी नारे लगाए। अपने संबोधन में विधायक रामकुमार गौत्तम ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकियों के हमलों का ऑपरेशन सिंदूर चलाकर भारतीय सेना के वीर जवानों ने पाक के घर में घुसकर कई आतंकी अड्डों का सफाया किया। इसके बाद पाकिस्तान के हमलों का ऐसा मुंहतोड़ जबाव दिया कि पाकिस्तान कहरा उठा और रहम की भीख मांगने को मजबूर हो गया। इस सैन्य अभियान ने भारत की संप्रभुता, सैनिकों की वीरता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की दृढ़ता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया है। यह तिरंगा यात्रा उन रणबांकुरों को समर्पित है जिन्होंने भारत माता की आन-बान-शान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।

—————

(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा

Most Popular

To Top