
यमुनानगर, 17 मई (Udaipur Kiran) । ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद भारतीय जनता पार्टी जगह-जगह तिरंगा यात्राओं का आयोजन कर रही है। इसी कड़ी के अंतर्गत जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के मंडल छछरौली में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा महिला तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें सैंकड़ों की संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया।
भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति जौहर ने शनिवार को बताया कि पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करके भारतीय सेना ने विश्व में अपना परचम लहराया है और इसमें महिला सैनिकों व्योमिका सिंह व सोफिया कुरैशी की भी अहम भूमिका रही है जिन्हें पूरा भारत देश सम्मान की दृष्टि से देख रहा है।
उन्होंने बताया कि जिस पाकिस्तानी सेना के भरोसे ये आतंकी बैठे थे, भारत की सेना, वायुसेना और नौसेना ने उस पाकिस्तानी सेना को भी धूल चटा दी। पाकिस्तानी फौज को भी बता दिया है कि पाकिस्तान में ऐसा कोई ठिकाना नहीं है, जहां बैठकर आतंकवादी चैन की सांस ले सकें। हम घर में घुसकर मारेंगे और बचने का एक मौका तक नहीं देंगे। हमारे ड्रोन्स, हमारी मिसाइलों के बारे में सोचकर तो पाकिस्तान को कई दिनों तक नींद नहीं आएगी।
इस मौके पर महिलाओं ने भारत माता की जय, जय हिंद की सेना के गगनभेदी नारे लगाए।
(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग
