

-प्रधानमंत्री
मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारा: सतीश पूनिया
-सोफिया
कुरैशी वह हमारी बहन हैं और हमारा अभिमान हैं: डॉ. मिड्ढा
-ऑप्रेशन सिंदूर भारत की सुरक्षा और गौरव का प्रतीक : पंडित मोहन लाल बड़ौली
सोनीपत, 15 मई (Udaipur Kiran) । भारत की सैन्य शक्ति और जवानों के अद्वितीय साहस को सम्मान
देने के लिए सोनीपत में एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और वीर सैनिकों के सम्मान में आयोजित
की गई थी। यात्रा का शुभारंभ नेताजी सुभाष चंद्र बोस और शहीद मेजर विक्रम बत्रा की
प्रतिमाओं पर माल्यार्पण से हुआ, जबकि समापन बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा
पर श्रद्धांजलि अर्पण के साथ हुआ।
यात्रा में भाजपा के प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया, प्रदेश अध्यक्ष
मोहनलाल बडोली, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ.
कृष्ण मिड्ढा, पूर्व मंत्री कृष्णा गहलावत, विधायक निखिल मदान, पवन कुमार, मेयर राजीव
जैन सहित हज़ारों कार्यकर्ता और आम नागरिकों ने भाग लिया। सभी नौ विधानसभाओं सोनीपत,
राई, गन्नौर, खरखौदा, बरोदा, गोहाना, जींद, जुलाना, सफीदों से जुटे भाजपा कार्यकर्ताओं
ने इसे राष्ट्रभक्ति की अभिव्यक्ति बताया।
प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने यह
साबित किया है कि भारत अब सहन नहीं करता, बल्कि करारा जवाब भी देता है। प्रदेश अध्यक्ष
मोहनलाल बडोली ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने आतंकवादियों
को उनके घर में घुसकर मार गिराया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने कहा कि हमारे देश के
वीर जवानों ने बड़े पराक्रम के साथ आतंकवादियों को सबक सिखाने का काम किया है और उनके
घर में घुसकर उन्हें मार गिराया है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व
में ऐसा संभव हो पाया है। वीर जवानों के सम्मान में यह यात्रा है और हर भारतीय आज गर्व
कर रहा है।
विधान सभा उपाध्यक्ष कृष्णलाल डॉ. मिड्ढा ने इसे वीर सैनिकों
को समर्पित करते हुए पाकिस्तान पर कटाक्ष किया कि जो कभी दुनिया पर भारी बनने का सपना
देखते थे, वे आज पछता रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक
कदम उठाए हैं। सोफिया कुरैशी पर टिप्पणी के जवाब में सोफिया कुरैशी की तारीफ करते हुए
कहा कि वह देश का गौरव हैं। उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई थी, उन्होंने उसे बखूबी निभाया
और पाकिस्तान में जाकर आतंकवादियों को ठोका। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ की गई कोई
भी टिप्पणी गलत है। वह हमारी बहन हैं और हमारा अभिमान हैं।
सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि यह यात्रा किसी दलगत
राजनीति का हिस्सा नहीं, बल्कि देशभक्ति की भावना से प्रेरित आयोजन है। मेयर राजीव
जैन ने भी सेना के पराक्रम को सलाम करते हुए जनता से तिरंगे के सम्मान में भागीदारी
की अपील की।
इस यात्रा में सामाजिक संगठनों की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही,
जो जय हिंद, भारत माता की जय जैसे नारों के साथ पूरे शहर को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत
कर रहे थे।
यह तिरंगा यात्रा न केवल एक राजनीतिक आयोजन थी, बल्कि राष्ट्र
के प्रति श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक बन गई, जिसमें वीर सैनिकों के सम्मान और आतंकवाद
के खिलाफ जनसंकल्प को प्रकट किया गया। राहुल गांधी द्वारा स्पेशल सेशन बुलाने की मांग पर मिड्ढा
ने कहा कि अब उनके पास कुछ नहीं बचा है, केवल सेशन बुलाने की मांग ही कर सकते हैं।
जो कार्य वे नहीं कर पाए, वह प्रधानमंत्री मोदी ने कर दिखाया है। जिस देश ने हमारे बुरे वक्त में साथ नहीं दिया, उसके साथ सभी रिश्ते तोड़ देने चाहिए।
भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आजाद सिंह नेहरा, तीनों जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज,
बिजेंद्र मलिक जींद के अध्यक्ष तेजेन्द्र ढुल हरियाणा सरकार मे चेयरमैन रविन्द्र दिलावर,
तीर्थ राणा और जसबीर दोदवा तथा ललित बत्रा तथा हजारों की संख्या मे लोगों ने हिस्सा लिया।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा परवाना
