

धर्मशाला, 15 मई (Udaipur Kiran) । ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी और पाकिस्तान के खिलाफ सेना की कार्रवाई को लेकर हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी द्वारा वीरवार को कांगड़ा जिला के मुख्यालय धर्मशाला में तिरंगा यात्रा निकाली गई। धर्मशाला के कोतवाली से निकली यह तिरंगा यात्रा कचहरी चौक तक गई। इस दौरान भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में हिस्सा लिया। तिरंगा यात्रा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की जबकि तिरंगा यात्रा की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने की।
इस मौके पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. बिन्दल ने कहा कि भारतीय सेनाओं द्वारा जो अदम्य साहस व वीरता दिखाते हुए पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद के ठिकानों को नेस्तोनाबूत किया और भारत की तीनों सेनाओं ने आधुनिक तकनीक के माध्यम से अचूक निशानेबाजी करते हुए बिना पाकिस्तान में घुसे पाकिस्तान की रक्षा प्रणाली को ध्वस्त किया। यही नही भारतीय सेना ने पाकिस्तान के 30 से अधिक एयर बेसिस को भी तबाह किया। इस ऑपरेशन सिंदूर ने सारे विश्व की आंखे खोलकर रख दी और भारत की मारक क्षमता को दुनिया ने देखा और सराहा।
डॉ. बिन्दल ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ भारत की महानतम सफलता है जिसमें दुश्मन की सीमाओं में घुसे बिना उसे सर्वाधिक नुकसान पहुंचाया गया।
तिरंगा यात्रा में विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, लोकसभा सांसद एवं प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ राजीव भारद्वाज, विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष पवन काजल, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर, विधायक रणवीर सिंह निक्का, विधायक सुधीर शर्मा, पूर्व मंत्री सरवीण चौधरी, पूर्व मंत्री राकेश पठानिया, पूर्व विधायक अरूण मेहरा, मुल्खखराज प्रेमी, रीता धीमान, रविन्द्र धीमान सहित पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
(Udaipur Kiran) / सतिंदर धलारिया
