दुबई, 14 मई (Udaipur Kiran) । अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा महिला वनडे टीम रैंकिंग में सालाना अपडेट जारी कर दिया गया है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने एक बार फिर अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। हालांकि इंग्लैंड के मुकाबले उनकी बढ़त में चार अंकों की कमी आई है, लेकिन टीम अब भी बाकी देशों से काफी आगे बनी हुई है।
यह अपडेट मई 2022 से अप्रैल 2024 के बीच खेले गए मैचों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जबकि अक्टूबर 2021 से अप्रैल 2022 तक खेले गए मैचों को हटाया गया है। इनमें 2022 महिला विश्व कप जैसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट भी शामिल हैं, जिनके नतीजे अब रैंकिंग में नहीं गिने जाएंगे।
ऑस्ट्रेलिया का अपराजेय प्रदर्शन
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने इस अवधि में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने भारत के खिलाफ दो बार 3-0 से जीत, बांग्लादेश और इंग्लैंड को भी 3-0 से हराया। इसके अलावा वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-0 और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2-1 से सीरीज अपने नाम की। इसी के चलते उनकी रेटिंग 167 अंकों पर बनी हुई है।
भारत ने घटाया इंग्लैंड से फासला
इंग्लैंड इस सूची में दूसरे स्थान पर है और उसके 127 अंक हैं। भारत तीसरे पायदान पर बना हुआ है, लेकिन अब उसने इंग्लैंड से फासला 11 अंकों से घटाकर 6 अंक कर लिया है। भारत ने हाल ही में श्रीलंका में एक त्रिकोणीय सीरीज़ जीती और आयरलैंड, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका को 3-0 तथा न्यूजीलैंड को 2-1 से हराया।
अन्य टीमों की स्थिति
दक्षिण अफ्रीका के रेटिंग में 9 अंकों की गिरावट आई है, लेकिन वह पांचवें स्थान पर बना हुआ है। वेस्टइंडीज की टीम 10 अंकों की गिरावट के साथ नौवें स्थान पर पहुंच गई है और बांग्लादेश व पाकिस्तान ने उन्हें पीछे छोड़ दिया है।
वहीं, अमेरिका (यूएसए) को एकदिनी दर्जा गंवाने के कारण सूची से बाहर कर दिया गया है, और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को उनकी जगह दी गई है। हालांकि, यूएई को रैंकिंग में शामिल होने के लिए कम से कम आठ वनडे मैच खेलने होंगे।
—————
(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय
