
नई दिल्ली, 14 मई (Udaipur Kiran) । दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट के सेशंस कोर्ट ने भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज के खिलाफ दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की ओर से दायर आपराधिक मानहानि याचिका खारिज करने के मजिस्ट्रेट कोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका का जवाब देने के लिए बांसुरी स्वराज को एक मौका और दे दिया है। स्पेशल जज जीतेंद्र सिंह ने मामले की अगली सुनवाई 3 जून को करने का आदेश दिया।
आज सुनवाई के दौरान बांसुरी स्वराज की ओर से पेश वकील मान्या हसीजा और टी इलैयारासु ने सत्येंद्र जैन की याचिका का जवाब देने के लिए समय देने की मांग की। उसके बाद कोर्ट ने जवाब दाखिल करने के लिए अंतिम अवसर देते हुए 3 जून तक जवाब दाखिल करने का आदेश दिया। इसके पहले भी कोर्ट ने 15 अप्रैल को बांसुरी स्वराज को जवाब देने के लिए चार हफ्ते का समय दिया था।
सेशंस कोर्ट ने मजिस्ट्रेट कोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर 7 मार्च को नोटिस जारी किया था। 20 फरवरी को एडिशनल चीफ जुडिशियल मजिस्ट्रेट नेहा मित्तल ने सत्येंद्र जैन की याचिका खारिज करने का आदेश दिया था। मजिस्ट्रेट कोर्ट में सुनवाई के दौरान बांसुरी स्वराज ने अपने जवाब में सत्येंद्र जैन की याचिका को राजनीति से प्रेरित बताया था।
सुनवाई के दौरान बांसुरी स्वराज की ओर से पेश वकील ने कहा था कि सत्येंद्र जैन की ओर से लगाए गए आरोप दिल्ली में विधानसभा चुनाव की वजह से लगाए गए हैं। उन्होंने कहा था कि इस मामले में जैन न्यायिक हिरासत में भी रहे हैं।
सत्येंद्र जैन ने याचिका दायर कर कहा था कि बांसुरी स्वराज के बयान ने उनकी छवि को खराब करने की कोशिश की है। सत्येंद्र जैन ने कहा था कि बांसुरी स्वराज ने कहा था कि उनके घर से तीन करोड़ रुपये बरामद किए गए थे। याचिका में कहा गया था कि बांसुरी स्वराज ने अपने बयान में कहा कि उनके घर से 1.8 किलोग्राम सोना और 133 सोने के सिक्के मिले थे। याचिका में कहा गया था कि बांसुरी स्वराज ने 5 अक्टूबर 2023 को टीवी चैनल पर प्रसारित इंटरव्यू में उनकी छवि खराब करने वाले बयान दिए थे। इस बयान में बांसुरी स्वराज ने सत्येंद्र जैन को भ्रष्ट और फर्जी करार दिया था। ये बयान झूठे थे जिसका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं था।
सत्येंद्र जैन ने याचिका में कहा था कि बांसुरी स्वराज का ये बयान उन्हें बदनाम करने के लिए दिया गया था। इस बयान के जरिये बांसुरी स्वराज बेजा राजनीतिक लाभ लेना चाहती थीं। इस इंटरव्यू को लाखों लोगों ने देखा। इससे उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई।
सत्येंद्र जैन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने और मनी लाउंड्रिंग के मामले चल रहे हैं। सत्येंद्र जैन को इस मामले में 30 मई 2022 को गिरफ्तार किया गया था। सत्येंद्र जैन को 18 अक्टूबर 2024 को जमानत मिली थी।
(Udaipur Kiran) /संजय
————-
(Udaipur Kiran) / अमरेश द्विवेदी
