Haryana

भाजपा की ‘रोजगार छीनो’ नीति के शिकार हुए 252 पीजीटी: भूपेंद्र हुड्डा

आरोप, भाजपा ने झूठ बोलकर लिया था कौशल कर्मियों और उनके परिजनों का वोट

चंडीगढ़, 13 मई (Udaipur Kiran) । पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा पर आरोप लगाया कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव में झूठ बोलकर कौशल निगम कर्मियों के सवा लाख परिवारों के वोट लिए थे। इसीलिए तीसरी बार सरकार बनते ही कौशल कर्मियों को नौकरी से बाहर करने का सिलसिला शुरू कर दिया। आएदिन किसी ना किसी विभाग से कर्मियों को निकाला जा रहा है। इस बार भाजपा की ‘रोजगार छीनो’ नीति के शिकार 252 पीजीटी हुए हैं। इनको सरकार ने तुरंत काम से रिलीव करने के आदेश जारी किए हैं।

मंगलवार काे यहां जारी एक बयान में पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत लगे सभी सवा लाख कर्मचारियों को पक्का करने का ऐलान किया था। सरकार ने बार-बार हर मंच से वादा किया था कि किसी को भी नौकरी से नहीं हटाया जाएगा। हुड्डा ने कहा कि इतना ही नहीं भाजपा ने चुनाव के दौरान कांग्रेस के खिलाफ भी झूठ बोला था। कौशल कर्मियों में जानबूझकर भय फैलाया गया था कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो कौशल निगम को खत्म करके सभी कच्चे कर्मचारियों को नौकरी से निकाल देगी। चुनाव के वक्त कौशल कर्मी भाजपा के बहकावे में आ गए और वोट देकर उसकी सरकार बनवा दी।

हुड्डा ने आरोप लगाते हुए कहा कि अब भाजपा अपने वादे से मुकर कर ताबड़तोड़ तरीके से कौशल कर्मियों की नौकरी खा रही है। इसीलिए तमाम कच्चे कर्मचारियों पर नौकरी जाने की तलवार हमेशा लटकी हुई है। कच्ची नौकरी और न्यूनतम वेतन के सहारे गुजर-बसर कर रहे कर्मियों के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। इसके चलते बेरोजगार युवा सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर हैं।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश के सरकारी विभागों में 2 लाख से ज्यादा पद खाली पड़े हुए हैं। 2 लाख पक्की नौकरियां देने का वादा करके सत्ता में आई भाजपा अभी तक सीईटी तक नहीं करवा पाई। भर्तियों के इंतजार में ओवर ऐज हो रहे लाखों बेरोजगार युवा लगातार सीईटी और नई भर्तियों का इंतजार कर रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top