Assam

पंचायत चुनाव : परिणाम से उत्साहित सीएम ने कहा 2026 विस चुनाव में 103 सीटें जीतेंगे

गुवाहाटीः प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा। साथ में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया

– श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में आयोजित होगा पंचायत के विजयी उम्मीदवारों का सम्मेलन

गुवाहाटी, 13 मई (Udaipur Kiran) । सत्ताधारी दल भाजपा ने गांव पंचायत के सभी विजयी और पराजित उम्मीदवारों का प्रदेश भाजपा स्वागत करेगी। दूसरी ओर, गांव पंचायत के अध्यक्षों का चुनाव होने के बाद पंचायत सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम गुवाहाटी के पांजाबाड़ी स्थित श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में आयोजित होगा। पंचायत चुनाव में भाजपा पार्टी ने चौंकाने वाले परिणाम दिखाए हैं। इसके मद्देनजर आज प्रदेश भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में मीडिया को संबोधित करते हुए ये बातें मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कही।

प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष दिलीप सैकिया के साथ मिलकर संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भाजपा गठबंधन के प्रति असम के लाेगाें काे धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ”जिला परिषद में भाजपा मित्र गठबंधन ने 300 सीटों पर जीत सुनिश्चित की है। इसमें भाजपा ने 272 सीटें, बाकी अगप ने 28 सीटें और राभा हासांग ने 4 सीटें हासिल की हैं। 76.22 प्रतिशत सीटों पर भाजपा गठबंधन ने जीत हासिल की है। क्षेत्रीय पंचायत में कुल 2192 सीटों में से भाजपा मित्र गठबंधन ने 1436 सीटें हासिल की हैं। इसके विपरीत भाजपा ने 1235 और अगप ने 171 सीटें हासिल की हैं। कांग्रेस को पिछले चुनाव के मुकाबले 50 प्रतिशत कम सीटें मिली हैं।”

संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा, अल्पसंख्यक क्षेत्र में कांग्रेस ने सीटें हासिल की हैं। जबकि, अल्पसंख्यक क्षेत्र में भाजपा ने भी इस बार वोट प्राप्त किया है। कांग्रेस को हिंदू मतदाताओं का वोट नहीं मिला है। इसके विपरीत भाजपा ने अल्पसंख्यक क्षेत्र में भी वोट हासिल किया है। होजाई, धिंग, सामागुरी क्षेत्र में भी भाजपा ने 30-35 प्रतिशत वोट हासिल करने में सफल रही है। जहां पहले हम वोट नहीं पा रहे थे, वहां अब हम दूसरे स्थान पर हैं। लोकसभा चुनाव के विपरित पंचायत चुनाव में हमने बहुत अधिक वोट प्राप्त किए हैं। यदि पंचायत के परिणाम विधानसभा में आते हैं तो हम 103 सीटें जीतेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं असमवासियों का आशीर्वाद अपने साथ लेकर चल रहा हूं। असमवासियों का आशीर्वाद लेकर आगे बढ़ूंगा। 2026 के लिए नई योजना के आवेदन पत्र वितरित करना शुरू कर दिया है। अभी तक कोई योजना प्रदान नहीं की गई है, लेकिन जब आवेदनकर्ताओं को लाभ मिलेगा, तब क्या होगा, यह सभी को समझ में आएगा।’’

मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने कहा कि ‘चाय बागान, जनजातीय, छह जनगोष्ठी वाले लोगों ने हृदय से वोट दिया है। 100 प्रतिशत मोरान, मटक, कलिता, सुतिया क्षेत्रों में पूर्ण विजय प्राप्त करने में हम सक्षम हुए हैं। अगप, राभा हासंग, गण शक्ति के साथ हमारी मित्रता बहुत अच्छी रही। प्रत्येक दल के अध्यक्षों ने सुंदर तरीके से पार्टी टिकट प्रदान किए हैं। हमारे टिकट वितरण को लेकर किसी स्थान पर कोई असंतोष नहीं है। मित्रता, टिकट वितरण और चुनाव प्रचार बहुत कुशलता से हुआ है। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, केंद्रीय मंत्री पवित्र मार्घेरिटा ने अच्छा प्रचार किया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि श्रीमंत शंकरदेव कला क्षेत्र में होने वाले पंचायत सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि धीरे-धीरे अल्पसंख्यक क्षेत्र की महिलाओं ने वोट देना शुरू कर दिया है। विधानसभा में किसी भी अल्पसंख्यक महिला ने कांग्रेस को वोट नहीं दिया। जोरहाट के लिए हमें बहुत काम करना है। जोरहाट में चुनाव लड़ना या नहीं लड़ना बाद की बात है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि वार्ड सदस्य के पद पर मैंने नोटा को वोट दिया है। ——————

(Udaipur Kiran) / अरविन्द राय

Most Popular

To Top