

री-भोई (मेघालय) 13 मई (Udaipur Kiran) । पीएम श्री विद्यालय– जवाहर नवोदय विद्यालय, री-भोई के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि विद्यालय ने सीबीएसई कक्षा 10वीं और 12वीं परीक्षा 2025 में शत-प्रतिशत (100%) सफलता प्राप्त किया है। कक्षा 10 में कुल 40 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। सभी ने उत्तीर्ण होकर विद्यालय का नाम रोशन किया। छात्रों ने विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कक्षा 12वीं में कुल 66 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। सभी ने सफलता प्राप्त की। विज्ञान और मानविकी दोनों संकायों में छात्रों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। विशेष रूप से कंप्यूटर साइंस में एक छात्र ने 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। सैंडी रूडोल्फ लिटन ने कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय में 91.4% अंकों के साथ विद्यालय में शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जबकि बाफिंटेइनाम मुक्तियेह ने कक्षा 12वीं मानविकी संकाय में 91% अंकों के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया। अंग्रेज़ी, भूगोल, इतिहास, कंप्यूटर साइंस, इन्फॉर्मेशन प्रैक्टिसेज़ और अर्थशास्त्र में कई विद्यार्थियों ने 90 से अधिक अंक अर्जित किए। कंप्यूटर साइंस, इन्फोर्मेटिक्स प्रैक्टिस और भूगोल में औसत अंक 80% से अधिक रहे, वहीं गणित और भौतिकी जैसे विषयों में सुधार की संभावनाएं बनी हुई हैं।
कक्षा 10वीं में प्राची आर. नोंग्रुम ने 81.2% अंकों के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जबकि थारज़ारी गाचुई ने 78.8% अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। कक्षा 10वीं में सबसे अच्छा विषय औसत हिंदी विषय का रहा, जबकि गणित में काफी सुधार की आवश्यकता है।
विद्यालय के प्राचार्य शांति कुमार ने इस शानदार उपलब्धि के लिए विद्यार्थियों को बधाई दी और शिक्षकों के अथक परिश्रम तथा अभिभावकों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यालय के समर्पित शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन और टीमवर्क का परिणाम है। विद्यालय आगामी वर्षों में भी इसी प्रकार उत्कृष्टता बनाए रखने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।
(Udaipur Kiran) / असरार अंसारी
