
नालंदा, (बिहारशरीफ) 13 मई (Udaipur Kiran) । नालंदा जिले केअंतरराष्ट्रीय पयर्टक स्थल राजगीर में आयोजित ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स में देशभर के युवा खिलाड़ी जुटे हैं जहां उन्हें उत्कृष्ट स्तर की खेल सुविधाएं और आरामदायक माहौल मिल रहा है।
इस भव्य आयोजन ने न केवल बिहार को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर उभारा है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है। ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नगरी राजगीर इन दिनों ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ के भव्य आयोजन से गुलजार है। बिहार के पांच शहरों में आयोजित इस प्रतिष्ठित खेल महाकुंभ में देशभर के युवा खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
राजगीर, जो कभी अपनी प्राचीन विरासत के लिए जाना जाता था अब एक आधुनिक स्पोर्ट्स हब के रूप में तेजी से उभर रहा है। 90 एकड़ में फैले अत्याधुनिक राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ओलंपिक स्तर की सुविधाएं खिलाड़ियों को मंत्रमुग्ध कर रही हैं।जहां एक ओरहरियाणा की कबड्डी चैंपियन सोनम और अर्पिता की हरियाणवी में प्रशंसा भरी बातें हर बिहारी को गर्वित कर रही हैं। वहीं दूसरी ओर खिलाड़ियों के लिए आवास भोजन, चिकित्सा और परिवहन की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई है जिसकी सराहना दूर-दूर से आए खिलाड़ी कर रहे हैं।
मणिपुर के हॉकी खिलाड़ी लैसराम प्रीतम और कर्नाटक की फिजियो राम्या ने यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाओं को सराहा। राम्या ने कहा कि बिहार के बारे में उनकी धारणा यहां आकर बदल गई और उन्होंने खुद को सुरक्षित महसूस किया।
महाराष्ट्र के टेबल टेनिस खिलाड़ी कुशल चोपड़ा ने माना कि बिहार आकर उनकी पिछली धारणाएं टूट गईं और यहां शानदार सुविधाएं मिल रही हैं। तमिलनाडु के कोच सुबिन कुमार ने भी बिहार सरकार की प्रयासों की सराहना की है। वहीं, बिहार के खिलाड़ी कुमार हर्षित ने अपने राज्य में राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा देखकर गर्व महसूस किया है।खिलाड़ियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। परिसर में 24 घंटे चलने वाला हेल्थ सेंटर और गंभीर स्थिति में हायर मेडिकल सेंटर रेफर करने की व्यवस्था है।
प्रतियोगिता की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए नाडा की टीम भी सक्रिय है।
नालंदा जिला प्रशासन ने आयोजन के सुचारू संचालन के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है, जो सभी व्यवस्थाओं में समन्वय स्थापित कर रहा है। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सचिव हरि रंजन राव ने बिहार में इस सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि केंद्र सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। राजगीर के स्थानीय निवासियों का कहना है कि राजगीर में ऐसा भव्य आयोजन पहली बार हो रहा है और यहां की सुविधाएं किसी मेट्रो शहर से कम नहीं हैं।इस आयोजन से राजगीर के पर्यटन और अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिला है। ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ बिहार की बदलती छवि और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व का प्रतीक है।
—————
(Udaipur Kiran) / प्रमोद पांडे
